×

जयपुर में पोते पर दादी की हत्या का आरोप, पड़ोसी ने देखा खौफनाक मंजर; बेड पर पड़ा था शव

 

जयपुर के भट्टा बस्ती इलाके में 80 वर्षीय विमला देवी की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में महिला की कथित तौर पर चाकू से गला रेतकर हत्या की गई। वारदात के समय घर में विमला देवी और उनका 25 वर्षीय पोता पुलकित मौजूद था। पुलिस ने पुलकित को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक, पुलकित के पिता प्रदीप शर्मा स्कूल से घर लौटे तो उन्होंने अपनी मां विमला देवी को बेड पर खून से लथपथ देखा। बताया गया है कि बेटे के हाथ और कपड़ों पर भी खून लगा हुआ था। घटना से घबराए प्रदीप ने पड़ोसी श्रवण सिंह को इसकी जानकारी दी और उनके साथ घर पहुंचे।

पड़ोसी श्रवण सिंह के मुताबिक, घर के अंदर का दृश्य देखकर वह भी हैरान रह गए। उन्होंने बताया कि विमला देवी का शव बेड पर पड़ा था और बेड खून से सना हुआ था। महिला के गले पर गंभीर चोट के निशान थे। इसी दौरान उनकी नजर पुलकित पर पड़ी, जिसके हाथ और कपड़ों पर खून लगा हुआ बताया गया।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के पहुंचने तक पुलकित घर में ही मौजूद था। पूछताछ के दौरान उसने घटना की जानकारी होने से इनकार किया, जिसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। अब पुलिस हत्या के पीछे की वजह और घटनाक्रम की जांच कर रही है।

पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है। मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए कांवटिया अस्पताल भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पूछताछ के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल हत्या की वजह स्पष्ट नहीं हुई है और पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।