×

CM भजनलाल का बड़ा कदम! अब नए नाम से जाने जाएंगे माउंट आबू, कामां और जहाजपुर, विधानसभा में हुई घोषणा 

 

राजस्थान विधानसभा के बजट सत्र के दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सदन में बड़ा ऐलान किया. उन्होंने कहा कि माउंट आबू का नाम बदलकर आबूराज, कामां का नाम बदलकर कामवन और जहाजपुर का नाम बदलकर यज्ञपुर कर दिया गया. जैसे ही सीएम ने यह घोषणा की, सदन में मेजें थपथपाकर इस फैसले का स्वागत किया गया. राज्य सरकार ने अंग्रेजी प्रभाव से नाम बदल दिया। धार्मिक दृष्टि से आबू को पवित्र पर्वत माना जाता है। हर साल लाखों श्रद्धालु आबू की परिक्रमा करते हैं। यह ऋषि-मुनियों की तपोस्थली रही है। राज्य मंत्री ओटाराम देवासी और विधायक समाराम गरासिया ने मांग उठाई थी. काफी समय से नाम बदलने की मांग चल रही थी.

राजस्थान बन रहा है देश का ग्रोथ इंजन- सीएम
बजट पर चर्चा के दौरान सीएम भजनलाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मजबूत नेतृत्व में राजस्थान देश का ग्रोथ इंजन बनकर उभर रहा है. राजस्थान की निरंतर बढ़ती अर्थव्यवस्था हमारी सरकार की पारदर्शी मंशा, प्रभावी नीतियों और दृढ़ संकल्प का मजबूत परिणाम है।

'कांग्रेस की तुलना में किसानों के बजट में 34 फीसदी की बढ़ोतरी'
सीएम ने कहा कि कांग्रेस के कार्यकाल की तुलना में किसानों के बजट में 34 फीसदी की बढ़ोतरी डबल इंजन सरकार की प्रतिबद्धता और किसान हितैषी नीतियों का पुख्ता सबूत है. डबल इंजन सरकार के समन्वित प्रयासों से कृषि क्षेत्र में हुई यह ऐतिहासिक वृद्धि किसानों की आय, सिंचाई, बीज, उर्वरक और तकनीकी सशक्तिकरण को नई गति दे रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में प्रति व्यक्ति आय में 21.15 प्रतिशत की वृद्धि हमारी सरकार की मजबूत आर्थिक नीतियों, कुशल वित्तीय प्रबंधन और तीव्र विकास का सशक्त प्रमाण है।

बीजेपी जो कहती है, वो करती है- सीएम
इसके साथ ही उन्होंने कहा कि बीजेपी जो कहती है, वो करती है. डबल इंजन सरकार के दृढ़ संकल्प से राजस्थान को जल्द ही यमुना नदी का पानी मिलने वाला है।