×

जयपुर के सुबोध कॉलेज के बेसमेंट में लगी आग, 3 इलेक्ट्रिक स्कूटी जलकर खाक, फुटेज में जाने समय रहते बड़ा हादसा टला

 

राजधानी जयपुर के रामबाग सर्किल स्थित सुबोध कॉलेज के बेसमेंट में शुक्रवार सुबह अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग की चपेट में आने से पार्किंग में खड़ी तीन इलेक्ट्रिक स्कूटी पूरी तरह जलकर खाक हो गईं। हालांकि, दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई से आसपास खड़े अन्य वाहनों को सुरक्षित बचा लिया गया और बड़ा हादसा टल गया।

शॉर्ट सर्किट से लगी आग

<a style="border: 0px; overflow: hidden" href=https://youtube.com/embed/EAReHTjTHz8?autoplay=1&mute=1><img src=https://img.youtube.com/vi/EAReHTjTHz8/hqdefault.jpg alt=""><span><div class="youtube_play"></div></span></a>" style="border: 0px; overflow: hidden;" width="640">

22-गोदाम फायर स्टेशन की फायर वूमन सीता ने बताया कि कॉलेज के बेसमेंट में वाहन पार्किंग बनी हुई है। शुक्रवार सुबह करीब 8:45 बजे पार्किंग में खड़ी एक इलेक्ट्रिक स्कूटी में कथित रूप से शॉर्ट सर्किट हुआ। इसके बाद स्कूटी से निकली चिंगारियों ने आग का रूप ले लिया।कुछ ही मिनटों में आग तेजी से फैल गई और पास में खड़ी दो अन्य इलेक्ट्रिक स्कूटी भी इसकी चपेट में आ गईं। देखते ही देखते तीनों वाहनों में तेज लपटें उठने लगीं, जिससे कॉलेज परिसर में मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।

दमकल ने 20 मिनट में पाया आग पर काबू

आग लगने की सूचना मिलते ही 22-गोदाम फायर स्टेशन से दमकल की एक गाड़ी मौके पर पहुंची। दमकलकर्मियों ने सबसे पहले आग के पास खड़े अन्य वाहनों को सुरक्षित स्थान पर हटाया, ताकि आग और न फैल सके।करीब 20 मिनट की मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। उनकी तत्परता से बेसमेंट में खड़े अन्य वाहन और कॉलेज की इमारत को नुकसान होने से बचा लिया गया।

तीनों इलेक्ट्रिक स्कूटी पूरी तरह जल गईं

आग इतनी भीषण थी कि तीनों इलेक्ट्रिक स्कूटी पूरी तरह जलकर कबाड़ में तब्दील हो गईं। आग से भारी धुआं निकलने के कारण कुछ देर के लिए पूरे बेसमेंट में धुएं का गुबार छा गया। राहत की बात यह रही कि घटना के समय कोई व्यक्ति आग की चपेट में नहीं आया और किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

जांच में जुटा प्रशासन

दमकल विभाग और संबंधित अधिकारी आग लगने के कारणों की जांच कर रहे हैं। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट को आग लगने की वजह माना जा रहा है, हालांकि विस्तृत जांच रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा।इस घटना के बाद कॉलेज परिसर में सुरक्षा व्यवस्थाओं और विशेष रूप से इलेक्ट्रिक वाहनों की पार्किंग व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि इलेक्ट्रिक वाहनों की पार्किंग वाले स्थानों पर पर्याप्त अग्निशमन उपकरण और सुरक्षा इंतजाम होना बेहद जरूरी है, ताकि ऐसी घटनाओं में नुकसान को कम किया जा सके।