जयपुर में भ्रूण लिंग परीक्षण गिरोह का भंडाफोड़, तीन गिरफ्तार
नवरात्रि के पावन अवसर पर जहां पूरे देश में मातृ शक्ति की आराधना की जा रही है, वहीं राजस्थान की पीसीपीएनडीटी टीम ने “बेटी बचाओ” अभियान को साकार करते हुए एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। राजधानी जयपुर में भ्रूण लिंग परीक्षण में लिप्त एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया गया है।यह कार्रवाई राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के मिशन निदेशक डॉ. अमित यादव और अतिरिक्त मिशन निदेशक डॉ. टी. शुभमंगला के निर्देशन में की गई। पीसीपीएनडीटी की डिकॉय टीम ने जाल बिछाकर इस अवैध गतिविधि का खुलासा किया।
कार्रवाई के दौरान एक अवैध पोर्टेबल सोनोग्राफी मशीन और एक कार को जब्त किया गया है। इसके साथ ही एक चिकित्सक सहित कुल तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह गिरोह लंबे समय से अवैध रूप से भ्रूण लिंग परीक्षण कर रहा था।अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई लिंगानुपात को संतुलित करने और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। टीम अब इस गिरोह के अन्य सदस्यों और नेटवर्क की भी जांच कर रही है।
इस कार्रवाई के बाद स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन में हड़कंप मच गया है। वहीं, इस सफलता को “बेटी बचाओ” अभियान की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। फिलहाल आरोपियों से पूछताछ जारी है और मामले में आगे की जांच तेज कर दी गई है।