×

कॉटन फैक्ट्री संचालक से 2 करोड़ की रंगदारी मांगने वाला ‘फौजी’ गिरफ्तार, मोबाइल लूटकर देता था धमकी

 

श्रीविजयनगर में कॉटन फैक्ट्री संचालक से दो करोड़ रुपए की रंगदारी मांगने के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फौजी समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस पूरे गिरोह का मास्टरमाइंड पंजाब के तरनतारन जिले के गांव जोड़ा निवासी 33 वर्षीय गुरलाल सिंह उर्फ लाली निकला, जो सेना में तैनात है। आरोपी ने मोटी रकम वसूलने के लिए ऐसा शातिर खेल रचा कि पुलिस भी जांच के दौरान हैरान रह गई।

पुलिस के अनुसार गुरलाल सिंह वर्तमान में जम्मू-कश्मीर में ड्यूटी पर तैनात है, लेकिन अतिरिक्त पैसे कमाने के लालच में उसने रंगदारी का यह षड्यंत्र रचा। उसने अपने साथी के साथ मिलकर पहले राहगीरों से मोबाइल फोन लूटे और उन्हीं लूटे गए मोबाइल नंबरों से व्यापारियों को धमकी भरे कॉल कर रंगदारी मांगी, ताकि पहचान छिपी रहे और पुलिस तक सुराग न पहुंचे।

मामले का खुलासा तब हुआ जब कॉटन फैक्ट्री संचालक ने 28 जनवरी को श्रीविजयनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई। व्यापारी ने बताया कि अज्ञात कॉलर ने फोन कर दो करोड़ रुपए की रंगदारी मांगी और रकम नहीं देने पर उसके बेटे को जान से मारने की धमकी दी। धमकी से घबराए व्यापारी ने तुरंत पुलिस से संपर्क किया।

पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देशन में टीम गठित कर मामले की गहन जांच शुरू की गई। कॉल डिटेल्स, तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों की पहचान की गई। जांच के बाद पुलिस ने गुरलाल सिंह उर्फ लाली के साथ रामसिंहपुर थाना क्षेत्र के गांव 47 जीबी निवासी 18 वर्षीय दिलप्रीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने कई वारदातों को अंजाम देना कबूल किया है। पुलिस अब यह भी पता लगा रही है कि उन्होंने और किन-किन व्यापारियों को निशाना बनाया।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ जारी है और अन्य वारदातों के खुलासे की संभावना है। इस कार्रवाई से इलाके के व्यापारियों ने राहत की सांस ली है। पुलिस ने साफ किया है कि रंगदारी और आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।