घर में घुसकर बुजुर्ग दंपती पर लाठी से हमला, फुटेज में देखे जेवर और 55 हजार रुपये लूटकर फरार हुए बदमाश
भरतपुर के रुदावल थाना इलाके में मंगलवार देर रात दो बदमाशों ने घर में घुसकर सो रहे बुजुर्ग दंपती पर हमला कर दिया। बदमाश संदूक के ताले तोड़कर सोने-चांदी के जेवर और 55 हजार 200 रुपये नकद लूटकर फरार हो गए। विरोध करने पर बदमाशों ने बुजुर्ग दंपती पर लाठियों से हमला किया। घटना में दोनों घायल हो गए।
रात डेढ़ बजे छत के रास्ते घुसे बदमाश
पीड़ित वीरी सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि मंगलवार रात वह अपनी पत्नी मुन्नी देवी के साथ घर में सो रहे थे। रात करीब डेढ़ बजे दो बदमाश बाथरूम की दीवार के सहारे मकान की छत पर चढ़े और वहां से घर में घुस गए।घर के अंदर पहुंचने के बाद बदमाश कमरों में गए और वहां रखे संदूकों के ताले तोड़ दिए। बदमाशों ने संदूक में रखे सोने-चांदी के जेवर और नकदी चोरी कर ली।
नींद खुली तो बदमाशों को कमरे से निकलते देखा
चोरी के दौरान वीरी सिंह की नींद खुल गई। उन्होंने बदमाशों को कमरे से बाहर निकलते देखा तो शोर मचा दिया। उनकी आवाज सुनकर पत्नी मुन्नी देवी भी जाग गईं।इसके बाद दोनों ने बदमाशों को रोकने की कोशिश की। खुद को घिरता देख बदमाशों ने बुजुर्ग दंपती पर लाठियों से हमला कर दिया।
हमले में पति-पत्नी घायल
बदमाशों के हमले में वीरी सिंह के सिर और हाथ में चोट आई है। वहीं उनकी पत्नी मुन्नी देवी की पीठ में चोट लगी है। बुजुर्ग दंपती को घायल करने के बाद दोनों बदमाश सोने-चांदी के जेवर और नकदी लेकर मौके से फरार हो गए।
सोने-चांदी के जेवर और 55,200 रुपये चोरी
पीड़ित के मुताबिक बदमाश घर से एक सोने की चेन, एक अंगूठी, एक मंगलसूत्र, एक चांदी की कोंदनी, एक चांदी की पायल और 55 हजार 200 रुपये नकद लेकर गए हैं।घटना की सूचना मिलने के बाद रुदावल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। पुलिस ने बदमाशों को पकड़ने के लिए आसपास के इलाके में नाकाबंदी भी करवाई, लेकिन फिलहाल उनका कोई सुराग नहीं लगा है।पुलिस अब बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच कर रही है।