राजस्थान में शनिवार को मनाई जाएगी ईद-उल-फितर, बाजारों में रौनक
राजस्थान में गुरुवार (20 मार्च) को ईद का चांद नजर नहीं आया, जिसके चलते ईद-उल-फितर का पर्व अब शनिवार को मनाया जाएगा। इसी के साथ शुक्रवार को 30वां और आखिरी रोज़ा रखा जाएगा।
अजमेर सहित पूरे प्रदेश में ईद को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। विशेष रूप से अजमेर शहर में स्थित धार्मिक स्थलों और ईदगाहों पर साफ-सफाई और व्यवस्थाओं को दुरुस्त कर लिया गया है। ईद के मौके पर ऐतिहासिक गरीब नवाज दरगाह स्थित जन्नती दरवाजा भी श्रद्धालुओं के लिए खोला जाएगा, जिससे लोगों में खास उत्साह देखा जा रहा है।
ईदगाह में नमाज अदा करने से पहले व्यापक स्तर पर सफाई और अन्य व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं, ताकि नमाजियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। प्रशासन द्वारा सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के भी पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं।
वहीं, ईद के त्योहार को लेकर दरगाह क्षेत्र और पूरे शहर के बाजारों में जबरदस्त रौनक देखने को मिल रही है। लोग नए कपड़े, सेवईं और अन्य जरूरी सामान की खरीदारी में व्यस्त हैं। बाजारों में खरीददारों की भारी भीड़ उमड़ रही है, जिससे व्यापारियों के चेहरे भी खिले नजर आ रहे हैं।
त्योहार के मद्देनजर लोगों में खासा उत्साह है और घर-घर में ईद की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। इस मौके पर लोग एक-दूसरे को ईद की मुबारकबाद देंगे और भाईचारे व सौहार्द का संदेश साझा करेंगे।
ईद-उल-फितर का यह पर्व पूरे प्रदेश में आपसी प्रेम, एकता और खुशियों के साथ मनाया जाएगा।