शिक्षा मंत्री मदन दिलावर का दावा: सरकारी स्कूल प्रदर्शन में निजी स्कूलों से आगे, वीडियो में जाने जर्जर भवनों पर भी सरकार सख्त
राजस्थान के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने दावा किया है कि पूरे देश में राजस्थान ऐसा एकमात्र राज्य है, जहां सरकारी स्कूल प्रदर्शन के मामले में निजी स्कूलों से आगे हैं। उन्होंने कहा कि नीति आयोग ने भी अपनी रिपोर्ट में इस उपलब्धि का उल्लेख किया है।
मदन दिलावर सोमवार को जयपुर के बिड़ला ऑडिटोरियम में आयोजित 30वें राज्य स्तरीय भामाशाह सम्मान समारोह-2026 को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों के शिक्षकों, विद्यार्थियों और शिक्षा विभाग के अधिकारियों की मेहनत और समर्पण के कारण प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिला है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में राजस्थान ने कई नए मानक स्थापित किए हैं और सरकारी स्कूलों के बेहतर प्रदर्शन का श्रेय पूरी टीम के सामूहिक प्रयासों को जाता ।
अपने संबोधन में शिक्षा मंत्री ने स्कूल भवनों की स्थिति का भी जिक्र किया। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती सरकार के कार्यकाल में स्कूल भवनों की समय पर मरम्मत नहीं कराई गई, जिसके कारण कई भवन जर्जर हो गए। उन्होंने कहा कि इसका दुखद परिणाम झालावाड़ की घटना के रूप में सामने आया, जिसमें कई बच्चों की जान चली गई।दिलावर ने कहा कि राज्य सरकार ने संकल्प लिया है कि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा नहीं होंगी। इसके लिए जर्जर स्कूल भवनों की पहचान, उनकी मरम्मत और आवश्यक निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जा रहा है, ताकि विद्यार्थियों को सुरक्षित वातावरण में शिक्षा मिल सके।