राजस्थान में पंचायत समिति प्रधान चुनाव के दौरान कई जगह हंगामा, फुटेज में देंखे भाजपा-कांग्रेस सदस्यों की गाड़ियों और बसों पर हमला
राजस्थान में 37 जिलों की 419 पंचायत समितियों में बुधवार को प्रधान पद के चुनाव हुए। मतदान के दौरान प्रदेश के कई जिलों में हंगामा, मारपीट और पत्थरबाजी की घटनाएं सामने आईं। कोटपूतली-बहरोड़ के बहरोड़ में नीमराना से जीते भाजपा के 12 पंचायत समिति सदस्यों पर हमला किया गया। वहीं भीलवाड़ा की खजूरी पंचायत समिति में कांग्रेस सदस्यों को मतदान के लिए लेकर पहुंची बस में तोड़फोड़ की गई। टोंक के मालपुरा में भीड़ को हटाने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। सीकर के नीमकाथाना में कांग्रेस की बाड़ेबंदी के बाहर भी पत्थर फेंके गए।
बहरोड़ में भाजपा के 12 सदस्यों पर हमला
कोटपूतली-बहरोड़ जिले के बहरोड़ में नीमराना से चुनाव जीते भाजपा के 12 पंचायत समिति सदस्य मतदान के लिए जा रहे थे। इसी दौरान उन पर हमला कर दिया गया। आरोप है कि हमलावरों ने सदस्यों की गाड़ियों को निशाना बनाया और उनके शीशे तोड़ दिए। घटना के बाद इलाके में हंगामे की स्थिति बन गई।
भीलवाड़ा में कांग्रेस सदस्यों की बस में तोड़फोड़
भीलवाड़ा जिले की खजूरी पंचायत समिति में भी प्रधान चुनाव के दौरान विवाद हुआ। यहां कांग्रेस के पंचायत समिति सदस्यों को मतदान के लिए लेकर पहुंची बस पर हमला कर दिया गया। हमलावरों ने बस के शीशे तोड़ दिए। आरोप है कि कांग्रेस सदस्यों को वोट डालने से भी रोक दिया गया। इस घटना के बाद चुनाव प्रक्रिया को लेकर तनाव की स्थिति पैदा हो गई।
मालपुरा में पुलिस का लाठीचार्ज, कांग्रेस नेताओं को चोटें
टोंक जिले की मालपुरा पंचायत समिति में प्रधान पद के चुनाव के दौरान भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया। इस दौरान कुछ कांग्रेस नेताओं को चोटें आईं। चुनाव के दौरान मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए थे। स्थिति को संभालने के लिए पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा।
नीमकाथाना में बाड़ेबंदी के बाहर फेंके पत्थर
सीकर जिले के नीमकाथाना में कांग्रेस की बाड़ेबंदी के बाहर भी हंगामा हुआ। गीता देवी गुर्जर को प्रधान पद का प्रत्याशी नहीं बनाए जाने से नाराज समर्थकों ने कांग्रेस की बाड़ेबंदी के बाहर पत्थर फेंके। टिकट को लेकर नाराजगी के चलते समर्थकों ने विरोध जताया।
डीग में एक ही प्रत्याशी को भाजपा-कांग्रेस ने दिया सिंबल
डीग जिले की बृज नगर पंचायत समिति में प्रधान पद का चुनाव भी चर्चा में रहा। यहां बती कुमारी ने कांग्रेस, भाजपा और निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल किया था। बताया गया कि भाजपा और कांग्रेस दोनों ने ही उन्हें अपना चुनाव चिह्न दे दिया था। बाद में बती कुमारी भाजपा प्रत्याशी के तौर पर निर्विरोध प्रधान निर्वाचित हो गईं।प्रदेश की पंचायत समितियों में प्रधान पद के चुनाव के दौरान हुई इन घटनाओं ने कई जगह राजनीतिक माहौल को तनावपूर्ण बना दिया। मतदान के दौरान हमले, तोड़फोड़ और विरोध के बीच अलग-अलग पंचायत समितियों में चुनाव प्रक्रिया पूरी कराई गई।