×

ऑपरेशन जेंटल-मेंटल में बड़ी सफलता, 7 साल से फरार ड्रग माफिया राजुराम गिरफ्तार

 

राजस्थान में नशे के काले कारोबार के खिलाफ एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए लंबे समय से फरार चल रहे एक कुख्यात तस्कर को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई को “ऑपरेशन जेंटल-मेंटल” नाम दिया गया था।

एडीजी दिनेश एम.एन. के निर्देशन और आईजी विकास कुमार के नेतृत्व में पिछले छह महीनों से इस ऑपरेशन पर काम किया जा रहा था। कड़ी मेहनत और खुफिया जानकारी के आधार पर पुलिस ने आखिरकार 40,000 रुपये के इनामी तस्कर राजुराम उर्फ राजेश को गिरफ्तार कर लिया।

बताया जा रहा है कि आरोपी पिछले 7 सालों से पुलिस को चकमा दे रहा था और राजस्थान, गुजरात तथा मध्य प्रदेश में एमडी (MD) ड्रग्स की सप्लाई चेन का एक प्रमुख चेहरा बन चुका था। उसे इस अवैध नेटवर्क का अघोषित ‘CEO’ तक माना जा रहा था।

पुलिस के अनुसार, राजुराम के खिलाफ कई राज्यों में नशा तस्करी के मामले दर्ज हैं और वह एक संगठित नेटवर्क के जरिए ड्रग्स की सप्लाई को संचालित कर रहा था। इस गिरफ्तारी को पुलिस ने नशे के खिलाफ चल रही मुहिम में एक बड़ी कामयाबी बताया है।

गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ जारी है, ताकि उसके नेटवर्क, सहयोगियों और सप्लाई चैन से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा सके।

एएनटीएफ की इस कार्रवाई से नशे के कारोबार पर एक बड़ा झटका लगा है और उम्मीद जताई जा रही है कि इससे ड्रग्स के अवैध नेटवर्क पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि राज्य में नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी तरह के अवैध कारोबार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।