×

डोटासरा का सरकार पर बड़ा हमला, वीडियो में बोले- शिक्षा मंत्री के करीबी तबादलों में कर रहे वसूली; वसुंधरा राजे के बयान का भी किया समर्थन

 

राजस्थान कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने राज्य सरकार पर शिक्षा विभाग में भ्रष्टाचार समेत कई मुद्दों को लेकर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षा मंत्री मदन दिलावर के करीबी तबादलों के नाम पर पैसे की वसूली कर रहे हैं। साथ ही उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के हालिया बयान का समर्थन करते हुए कहा कि उन्होंने जो बातें कही हैं, वे सही हैं। डोटासरा जयपुर में आयोजित कांग्रेस ओबीसी विभाग के सम्मेलन के बाद मीडिया से बातचीत कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने शिक्षा विभाग, बेनीवाल समर्थकों पर दर्ज मामलों और भाजपा की अंदरूनी राजनीति सहित कई मुद्दों पर अपनी प्रतिक्रिया दी।

<a style="border: 0px; overflow: hidden" href=https://youtube.com/embed/b8z01EajNtw?autoplay=1&mute=1><img src=https://img.youtube.com/vi/b8z01EajNtw/hqdefault.jpg alt=""><span><div class="youtube_play"></div></span></a>" style="border: 0px; overflow: hidden;" width="640">

'शिक्षा विभाग का हाल सबसे खराब'

गोविंद सिंह डोटासरा ने शिक्षा विभाग में हाल ही में हुए तबादलों को लेकर सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि तबादला प्रक्रिया में बड़े स्तर पर भ्रष्टाचार हो रहा है।उन्होंने कहा, "शिक्षा विभाग का हाल सबसे खराब है। शिक्षा मंत्री के नजदीकी लोग तबादलों के नाम पर जमकर वसूली कर रहे हैं।" डोटासरा ने आरोप लगाया कि तबादला प्रक्रिया पारदर्शी नहीं है और इसमें आर्थिक लेन-देन की शिकायतें सामने आ रही हैं।हालांकि, इन आरोपों पर सरकार या शिक्षा मंत्री की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

वसुंधरा राजे के बयान का किया समर्थन

पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे द्वारा राजनीति और सामाजिक रिश्तों को अलग रखने संबंधी दिए गए बयान पर भी डोटासरा ने अपनी राय रखी।उन्होंने कहा, "वसुंधरा जी दुखी आत्मा हैं, दुखी आत्मा से जो निकलता है, वह सच निकलता है। उन्होंने जो बातें कही हैं, वे अच्छी बातें हैं। राजनीति में इतना भी वैरभाव नहीं होना चाहिए कि लोग एक-दूसरे की तरफ देखना या आंख मिलाना छोड़ दें।"डोटासरा ने यह भी कहा कि भाजपा के अंदर क्या चल रहा है, यह वही बेहतर जानते हैं, लेकिन राजनीतिक मतभेदों का असर व्यक्तिगत संबंधों पर नहीं पड़ना चाहिए।

बेनीवाल समर्थकों पर कार्रवाई पर उठाए सवाल

डोटासरा ने हाल ही में बेनीवाल समर्थकों के खिलाफ दर्ज किए गए मुकदमों के तरीके पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कानून का पालन सभी के लिए समान होना चाहिए और कार्रवाई निष्पक्ष तरीके से की जानी चाहिए।उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि किसी भी मामले में राजनीतिक आधार पर कार्रवाई करने के बजाय निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जाए।

सियासी बयानबाजी तेज

राजस्थान में आगामी राजनीतिक गतिविधियों के बीच कांग्रेस और भाजपा के नेताओं के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर लगातार जारी है। डोटासरा के इस बयान से प्रदेश की राजनीति एक बार फिर गर्मा गई है।अब शिक्षा विभाग में लगाए गए भ्रष्टाचार के आरोप और वसुंधरा राजे के बयान पर दिए गए समर्थन को लेकर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं तेज होने की संभावना है। वहीं, सरकार की ओर से इन आरोपों पर क्या जवाब आता है, इस पर भी सभी की नजरें रहेंगी।