विश्वेंद्र सिंह के आरोपों पर डोटासरा ने तोड़ी चुप्पी, वीडियो में बोले- हम सब एक हैं; समर्थकों ने किया पलटवार
राजस्थान कांग्रेस में पूर्व मंत्री विश्वेंद्र सिंह की ओर से प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा पर लगाए गए आरोपों के बाद चल रही बयानबाजी के बीच डोटासरा ने पहली बार खुलकर प्रतिक्रिया दी है। गुरुवार को अपने जन्मदिन के मौके पर उन्होंने पार्टी में मतभेद की बात को खारिज करते हुए कहा कि अभी इन बातों का समय नहीं है और कांग्रेस में सभी नेता एकजुट हैं। उन्होंने कहा, "हम सब एक हैं, हमारे में एकता है।"डोटासरा ने राजस्थान में कांग्रेस की स्थिति को लेकर भी दावा किया कि पार्टी लगातार मजबूत हो रही है और आने वाले समय में भाजपा का सूपड़ा साफ होगा। उनका यह बयान विश्वेंद्र सिंह की ओर से प्रदेश नेतृत्व और हालिया निकाय चुनावों में पार्टी के प्रदर्शन को लेकर सवाल उठाए जाने के बाद आया है।
जन्मदिन पर कार्यकर्ताओं से मिले डोटासरा
गोविंद सिंह डोटासरा ने गुरुवार सुबह जयपुर से डेगाना रवाना होने से पहले कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। इस दौरान नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली समेत कई वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं ने उनसे मुलाकात कर जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। इसके बाद डोटासरा और जूली एक साथ डेगाना के लिए रवाना हुए।कार्यकर्ताओं के बीच डोटासरा ने एकजुटता का संदेश देते हुए "हम सब एक हैं" के नारे भी लगाए। उन्होंने पार्टी के भीतर किसी तरह के मनमुटाव की बात से इनकार किया और कहा कि कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मिलकर संगठन को मजबूत करने में जुटे हैं।
विश्वेंद्र सिंह के बयानों के बाद बढ़ी सियासी हलचल
दरअसल, पूर्व मंत्री विश्वेंद्र सिंह ने हालिया शहरी निकाय चुनावों में भरतपुर और डीग में कांग्रेस के प्रदर्शन को लेकर प्रदेश और जिला नेतृत्व पर सवाल उठाए थे। उन्होंने डोटासरा के नेतृत्व को लेकर भी सवाल खड़े किए और इस्तीफे की मांग तक की थी। इससे राजस्थान कांग्रेस की अंदरूनी राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई।डोटासरा ने इन मतभेदों को भाजपा का "टूलकिट" और दुष्प्रचार बताया है। हालांकि, विश्वेंद्र सिंह की ओर से उठाए गए संगठन और चुनावी प्रदर्शन से जुड़े सवालों पर दोनों पक्षों के बीच सार्वजनिक बयानबाजी जारी है।
डोटासरा समर्थकों ने भी खोला मोर्चा
डोटासरा के बयान के साथ ही उनके समर्थक कांग्रेस नेताओं की ओर से भी विश्वेंद्र सिंह के खिलाफ प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं। महिला कांग्रेस की प्रदेशाध्यक्ष सारिका सिंह चौधरी ने सोशल मीडिया पर विश्वेंद्र सिंह पर पलटवार करते हुए उन्हें "भाजपा का स्लीपर सेल" बताया। यह टिप्पणी कांग्रेस के भीतर चल रही सार्वजनिक बयानबाजी को और तीखा करने वाली रही।फिलहाल डोटासरा ने पार्टी में एकजुटता का संदेश देते हुए विवाद को ज्यादा तूल न देने की बात कही है, जबकि विश्वेंद्र सिंह के आरोपों और उनके समर्थन तथा विरोध में सामने आ रहे बयानों से राजस्थान कांग्रेस की अंदरूनी सियासत चर्चा में बनी हुई है।