जयपुर में शराब पार्टी के दौरान दोस्तों में विवाद, कार पर की फायरिंग; बाल-बाल बची जान
राजधानी जयपुर के दौलतपुरा थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात शराब पार्टी के दौरान दोस्तों के बीच हुआ विवाद फायरिंग तक पहुंच गया। सभ्यता फार्म के पास स्थित लक्की ढाबे पर दो पक्षों के बीच कहासुनी के बाद एक पक्ष ने अपने ही दोस्त की कार पर गोली चला दी। गनीमत रही कि फायरिंग में कोई व्यक्ति घायल नहीं हुआ और गोली कार में जा धंसी। जानकारी के अनुसार, सोमवार देर रात कुछ दोस्त लक्की ढाबे पर शराब पार्टी कर रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनके बीच विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते कहासुनी इतनी बढ़ गई कि मामला मारपीट और फायरिंग तक पहुंच गया।
आरोप है कि विवाद के बाद एक पक्ष ने हथियार निकालकर सामने खड़ी कार पर फायर कर दिया। गोली कार में लगी, जिससे मौके पर मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। घटना के बाद ढाबे और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।फायरिंग की सूचना मिलते ही दौलतपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाए और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घटना दोस्तों के बीच हुए विवाद के बाद हुई। मामले में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है और आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।घटना के बाद स्थानीय लोगों में भी नाराजगी देखने को मिली। लोगों का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर इस तरह की घटनाएं सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती हैं। उन्होंने पुलिस से इलाके में गश्त बढ़ाने की मांग की है।
पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। फिलहाल आरोपियों की तलाश और घटना के कारणों की जांच जारी है।इस घटना ने एक बार फिर जयपुर में बढ़ते हथियारों के इस्तेमाल और आपसी विवादों में हिंसा की प्रवृत्ति को लेकर चिंता बढ़ा दी है। हालांकि, राहत की बात यह रही कि फायरिंग में किसी की जान नहीं गई और बड़ा हादसा टल गया।