×

93 वर्षीय मां और 70 वर्षीय बेटी के बीच डीएनए टेस्ट का हाई कोर्ट ने दिया आदेश

 

राजस्थान हाई कोर्ट ने एक अनोखे और संवेदनशील संपत्ति विवाद मामले में बड़ा फैसला सुनाते हुए 93 वर्षीय मां और 70 वर्षीय महिला के बीच डीएनए टेस्ट कराने का आदेश दिया है। यह मामला मातृत्व और संपत्ति अधिकार से जुड़ा होने के कारण कानूनी और सामाजिक दोनों दृष्टि से चर्चा में है।

जानकारी के मुताबिक, बुजुर्ग महिला ने संबंधित महिला को अपनी संतान मानने से इनकार कर दिया था। इसके बाद 70 वर्षीय महिला ने खुद को पिता की वैध बेटी बताते हुए संपत्ति में हिस्सेदारी का दावा किया और पिता की वसीयत को अदालत में चुनौती दी। वसीयत में एक अन्य व्यक्ति को पुत्र बताया गया था।

सुनवाई के दौरान हाई कोर्ट ने कहा कि विवाद का निष्पक्ष समाधान वैज्ञानिक साक्ष्य से ही संभव है। ऐसे में डीएनए जांच से मातृत्व की सच्चाई सामने आ सकेगी। हालांकि अदालत ने यह भी स्पष्ट किया कि जांच प्रक्रिया के दौरान दोनों पक्षों की निजता और सम्मान का पूरा ध्यान रखा जाएगा।