एसपी बनकर वसूली करने वाला साइबर ठग यूपी के जंगल से गिरफ्तार
खुद को एसपी और थाना अधिकारी बताकर लोगों को फोन पर धमकाने व वसूली का प्रयास करने वाले शातिर बदमाश को पुलिस ने उत्तर प्रदेश के जंगल क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के लिए साइबर थाना और रायला थाना पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाया।
जानकारी के अनुसार, आरोपी लोगों को कॉल कर खुद को भीलवाड़ा एसपी बताता था और कार्रवाई करने व न्याय दिलाने का झांसा देकर पैसे मांगता था। वह RajCop पोर्टल से एफआईआर डाउनलोड कर उसमें दर्ज मोबाइल नंबर निकालता और उन्हीं लोगों से संपर्क कर विश्वास जमाने की कोशिश करता था।
आरोपी की लोकेशन ट्रेस होने के बाद भीलवाड़ा पुलिस की टीम ने उत्तर प्रदेश पहुंचकर दो दिन तक जंगल क्षेत्र में डेरा डाला। पुलिस ने रणनीति बनाकर गुप्त रूप से निगरानी की और आखिरकार उसे धर दबोचा।
पुलिस के अनुसार, आरोपी इंटरनेट कॉलिंग और फर्जी पहचान का इस्तेमाल कर वारदातों को अंजाम देता था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि उसने कई लोगों से संपर्क कर वसूली की कोशिश की।
गिरफ्तार बदमाश से मोबाइल फोन, सिम कार्ड और अन्य डिजिटल साक्ष्य जब्त किए गए हैं। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि उसने कितने लोगों को निशाना बनाया और उसके नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल हैं।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति खुद को पुलिस अधिकारी बताकर फोन पर पैसे मांगे तो तुरंत स्थानीय पुलिस से संपर्क करें और किसी भी प्रकार की राशि ट्रांसफर न करें।
इस कार्रवाई को साइबर अपराध के खिलाफ पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है।