जयपुर में मोबाइल हैक कर दंपती के बैंक खातों से निकाले रुपए: वीडियो में जाने तीन क्रेडिट कार्ड से भी की ठगी, कुल 2.95 लाख रुपए उड़ाए
जयपुर के जयसिंहपुरा खोर थाना क्षेत्र में साइबर ठगी का मामला सामने आया है। बदमाशों ने एक व्यक्ति का मोबाइल फोन हैक कर उसके और उसकी पत्नी के बैंक खातों से रुपए निकाल लिए। इसके साथ ही तीन अलग-अलग बैंकों के क्रेडिट कार्ड से भी ऑनलाइन लेनदेन कर कुल 2 लाख 95 हजार रुपए की ठगी कर ली। पीड़ित ने पुलिस थाने में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस को दी शिकायत में प्रताप चंद बिस्वास निवासी सैनी कॉलोनी, सब्जी मंडी, जयसिंहपुरा खोर ने बताया कि 14 नवंबर को उनका मोबाइल फोन हैक कर लिया गया था। इसके बाद बदमाशों ने फोन-पे से जुड़े उनके और उनकी पत्नी के बैंक खातों को निशाना बनाया। आरोपियों ने अलग-अलग खातों से रकम निकालने के साथ ही क्रेडिट कार्ड का भी इस्तेमाल किया।पीड़ित के मुताबिक, उनके आईसीआईसीआई बैंक खाते से 15 हजार रुपए और बैंक ऑफ बड़ौदा के खाते से 95 हजार रुपए निकाल लिए गए। इस तरह दोनों बैंक खातों से कुल 1 लाख 10 हजार रुपए की रकम निकाली गई।
इसके अलावा बदमाशों ने तीन बैंकों के क्रेडिट कार्ड से भी ऑनलाइन लेनदेन किया। आईसीआईसीआई बैंक के क्रेडिट कार्ड से 1 लाख 65 हजार रुपए, एचडीएफसी बैंक के क्रेडिट कार्ड से 10 हजार रुपए और बैंक ऑफ बड़ौदा के क्रेडिट कार्ड से 10 हजार रुपए निकाल लिए गए।
आईसीआईसीआई क्रेडिट कार्ड से सबसे ज्यादा लेनदेन किया गया। शिकायत के अनुसार, इस कार्ड से 16 बार 10-10 हजार रुपए और एक बार 5 हजार रुपए का भुगतान किया गया। इस तरह क्रेडिट कार्ड के जरिए कुल 1 लाख 85 हजार रुपए की ठगी हुई।बैंक खातों से निकाली गई 1 लाख 10 हजार रुपए की रकम और क्रेडिट कार्ड से किए गए 1 लाख 85 हजार रुपए के लेनदेन को मिलाकर पीड़ित को कुल 2 लाख 95 हजार रुपए का नुकसान हुआ है। मोबाइल फोन हैक होने के बाद कुछ ही समय में बैंक खातों और क्रेडिट कार्ड से रकम निकाल ली गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।