राजस्थान चतुर्थ श्रेणी भर्ती में MBC कोटे पर विवाद, वीडियो में देंखे दो नामों को लेकर उठे सवाल; जांच की मांग
राजस्थान में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी यानी चपरासी सीधी भर्ती 2024 की चयन प्रक्रिया को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। परिवहन विभाग की ओर से 12 अगस्त को जारी पोस्टिंग और कार्यालय आवंटन सूची में अति पिछड़ा वर्ग यानी MBC श्रेणी के तहत शामिल दो अभ्यर्थियों के नामों को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं। मामले को लेकर गुर्जर नेता विजय बैंसला ने राज्य सरकार और संबंधित विभाग से चयन प्रक्रिया की पात्रता की दोबारा जांच कराने की मांग की है।
विवाद उस समय सामने आया जब परिवहन विभाग की ओर से चयनित अभ्यर्थियों को पोस्टिंग और कार्यालय आवंटित करने से जुड़ी सूची जारी की गई। सूची में MBC श्रेणी में शामिल दो अभ्यर्थियों के सरनेम को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं। हालांकि, केवल सरनेम के आधार पर किसी अभ्यर्थी की जातिगत पात्रता निर्धारित नहीं की जा सकती। ऐसे में मामले की वास्तविक स्थिति संबंधित दस्तावेजों और आधिकारिक रिकॉर्ड की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
दो अभ्यर्थियों के नाम पर उठे सवाल
जारी सूची के अनुसार रविकांत सैनी का मेरिट नंबर 1158 है। उन्हें MBC श्रेणी में दर्शाते हुए परिवहन विभाग के मुख्यालय में पोस्टिंग दी गई है।वहीं, विमल कुमार शर्मा का मेरिट नंबर 1376 है। सूची में उन्हें भी MBC श्रेणी के तहत रखा गया है और RTO भरतपुर इन्फोर्समेंट में पोस्टिंग दी गई है।इन दोनों नामों को लेकर सवाल उठने के बाद भर्ती प्रक्रिया और आरक्षण के तहत पात्रता की जांच की मांग तेज हो गई है। मामले में यह भी सवाल उठाया जा रहा है कि MBC कोटे में शामिल अभ्यर्थियों के दस्तावेजों और श्रेणी संबंधी प्रमाण-पत्रों की जांच किस स्तर पर की गई।
विजय बैंसला ने की सूची निरस्त करने की मांग
गुर्जर नेता विजय बैंसला ने इस मामले में राज्य सरकार और परिवहन विभाग से पूरी प्रक्रिया स्पष्ट करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि सूची में किसी तरह की गड़बड़ी या अपात्र अभ्यर्थी का चयन सामने आता है तो इसे गंभीरता से लिया जाना चाहिए।बैंसला ने मौजूदा सूची को तत्काल निरस्त करने, अभ्यर्थियों की पात्रता की दोबारा जांच कराने और इसके बाद संशोधित सूची जारी करने की मांग की है। उनका कहना है कि आरक्षण के तहत चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता जरूरी है, ताकि पात्र अभ्यर्थियों के अधिकार प्रभावित न हों।
कर्मचारी चयन बोर्ड ने कहा, शिकायत मिलने पर होगी जांच
मामले पर राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड के चेयरमैन आलोक राज का भी बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि फिलहाल इस संबंध में बोर्ड के पास कोई आधिकारिक शिकायत या विवाद नहीं पहुंचा है।आलोक राज के अनुसार, अगर इस मामले में आधिकारिक शिकायत प्राप्त होती है तो उसकी जांच कराई जाएगी। बोर्ड के स्तर पर दस्तावेजों और पात्रता की जांच के बाद ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचा जा सकेगा।
चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी सीधी भर्ती 2024 की चयन प्रक्रिया पहले ही बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के कारण चर्चा में रही है। अब पोस्टिंग सूची में MBC श्रेणी के दो नामों को लेकर उठे सवालों के बाद विवाद बढ़ गया है। फिलहाल संबंधित विभाग और कर्मचारी चयन बोर्ड के सामने कोई औपचारिक शिकायत आने का इंतजार है। शिकायत मिलने और दस्तावेजों की जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि सूची में वास्तव में कोई अनियमितता हुई है या नहीं।