☰
×

बाबा बालकनाथ से राम रहीम की तुलना करना पड़ा भारी, फुटेज में जानें बहरोड़ के पूर्व विधायक बलजीत यादव को 6 महीने की जेल

 

राजस्थान के बहरोड़ से पूर्व निर्दलीय विधायक बलजीत यादव को बाबा बालकनाथ के खिलाफ अभद्र और मानहानिकारक टिप्पणी करने के मामले में छह महीने की जेल की सजा सुनाई गई है। रोहतक की मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (CJM) अदालत ने सोमवार, 23 नवंबर को उन्हें दोषी करार देते हुए 5 हजार रुपए का जुर्माना भी लगाया। यह मामला करीब पांच साल पुराना है।

<a style="border: 0px; overflow: hidden" href=https://youtube.com/embed/S1-3hPzYk6Q?autoplay=1&mute=1><img src=https://img.youtube.com/vi/S1-3hPzYk6Q/hqdefault.jpg alt=""><span><div class="youtube_play"></div></span></a>" style="border: 0px; overflow: hidden;" width="640">

2021 की प्रेस कॉन्फ्रेंस से जुड़ा है मामला

मामला 7 मार्च 2021 का है। उस समय बलजीत यादव बहरोड़ से विधायक थे और बाबा बालकनाथ अलवर से सांसद थे। बहरोड़ पंचायत समिति कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान यादव ने बाबा बालकनाथ की जीवनशैली और उनके आचरण को लेकर कई टिप्पणियां की थीं।

इन टिप्पणियों में उन्होंने बाबा बालकनाथ की तुलना डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम से भी की थी। उन्होंने बाबा बालकनाथ के पहनावे, घड़ी, जूते और गाड़ी के साथ-साथ उनके रहन-सहन पर भी सवाल उठाए थे। बयान अगले दिन प्रकाशित हुए और सोशल मीडिया पर भी प्रसारित हुए।

सितंबर 2021 में दर्ज कराया था मानहानि का केस

बाबा बालकनाथ ने इन टिप्पणियों को अपनी व्यक्तिगत प्रतिष्ठा और नाथ संप्रदाय की छवि को नुकसान पहुंचाने वाला बताते हुए सितंबर 2021 में रोहतक की अदालत में आपराधिक मानहानि की शिकायत दर्ज कराई थी। वर्ष 2022 में बलजीत यादव को अदालत से समन जारी हुए और मार्च 2023 में उनके खिलाफ आरोप तय किए गए।

सुनवाई के दौरान शिकायतकर्ता पक्ष की ओर से सात गवाह पेश किए गए। वहीं बचाव पक्ष ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के वीडियो और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की प्रामाणिकता पर सवाल उठाए। बलजीत यादव की ओर से यह दलील भी दी गई कि मामला राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता से प्रेरित है। हालांकि, अदालत ने इन दलीलों को स्वीकार नहीं किया।

कोर्ट ने क्यों सुनाई जेल की सजा

अदालत ने माना कि सार्वजनिक मंच से की गई टिप्पणियों से शिकायतकर्ता की सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने का प्रयास हुआ। कोर्ट ने भारतीय दंड संहिता की धारा 500 के तहत बलजीत यादव को छह महीने के साधारण कारावास और 5 हजार रुपए जुर्माने की सजा सुनाई। हालांकि, धारा 501 के तहत आरोप साबित नहीं माना गया।

सजा पर बहस के दौरान बलजीत यादव ने अदालत से नरमी बरतने की अपील की थी। उन्होंने बताया कि वे परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य हैं और उनकी 82 वर्षीय मां की दो दिन पहले ही हृदय की सर्जरी हुई है। उन्होंने केवल जुर्माना लगाकर छोड़ने का अनुरोध किया, लेकिन अदालत ने उन्हें जेल की सजा सुनाई।

बाबा बालकनाथ ने हाईकोर्ट जाने के संकेत दिए

फैसले के बाद बाबा बालकनाथ ने कहा कि उन्हें अदालत के आदेश की प्रति मिल गई है। वे अपने वकीलों से सलाह लेकर यह तय करेंगे कि अधिक सख्त सजा की मांग के लिए हाईकोर्ट का रुख किया जाए या नहीं।

करीब पांच साल तक चले इस मानहानि मामले में आए फैसले के बाद बलजीत यादव की कानूनी मुश्किलें बढ़ गई हैं। यह सजा उनके खिलाफ दर्ज खेल सामग्री खरीद से जुड़े अलग मामले से भी अलग है।