झुंझुनूं में कार-बाइक की टक्कर, 7-8 फीट हवा में उछलकर गिरे दो स्टूडेंट्स; CCTV फुटेज आया सामने
झुंझुनूं में मंडावा रोड पर जिला स्वर्ण जयंती स्टेडियम के पास गुरुवार देर शाम कार और बाइक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार दो स्टूडेंट्स घायल हो गए। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों युवक करीब 7 से 8 फीट हवा में उछलकर सड़क पर जा गिरे। हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें टक्कर के बाद दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरते दिखाई दे रहे हैं।हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत दोनों घायलों को संभाला और उन्हें बीडीके अस्पताल पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया। दोनों को हल्की चोटें आई थीं, जिसके बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
किसान कॉलोनी की तरफ मुड़ रही थी कार
जानकारी के अनुसार, गुरुवार देर शाम दोनों स्टूडेंट्स बाइक से मंडावा की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही एक कार ने किसान कॉलोनी की तरफ जाने के लिए मोड़ लिया। तभी बाइक कार से टकरा गई। टक्कर लगते ही बाइक सवार दोनों स्टूडेंट्स उछलकर सड़क पर गिर पड़े।हादसे के बाद आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे। लोगों ने घायलों को सड़क से उठाकर अस्पताल पहुंचाने में मदद की। गनीमत रही कि दोनों को गंभीर चोटें नहीं आईं और प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया।
ब्रेकर नहीं होने से हादसे का खतरा
स्थानीय लोगों का कहना है कि मंडावा रोड पर इस जगह पहले भी कई सड़क हादसे हो चुके हैं। यहां से किसान कॉलोनी की तरफ जाने का रास्ता निकलता है। इसके बावजूद वाहनों की गति नियंत्रित करने के लिए सड़क पर ब्रेकर नहीं बनाया गया है।लोगों के मुताबिक, इस मार्ग से वाहन तेज रफ्तार में गुजरते हैं। वहीं, किसान कॉलोनी की तरफ मुड़ने वाले वाहनों के कारण भी टक्कर होने का खतरा बना रहता है। स्थानीय लोगों ने इस स्थान पर सड़क सुरक्षा के इंतजाम करने की जरूरत बताई है, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके।हादसे का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद एक बार फिर इस मार्ग पर यातायात व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों को लेकर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि संबंधित विभाग को इस स्थान पर वाहनों की रफ्तार नियंत्रित करने के लिए जरूरी कदम उठाने चाहिए।