☰
×

पंचायत चुनाव के नतीजों पर CM भजनलाल का पहला बयान, वीडियो में बोले- संकल्पों से पीछे नहीं हटेंगे

 

राजस्थान में पंचायत चुनाव के नतीजों के बाद मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पहली बार प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने बिना सीधे तौर पर चुनावी परिणामों का जिक्र किए इशारों-इशारों में विपक्ष और भ्रम फैलाने वालों पर निशाना साधा। मुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ लोगों को लगता है कि भ्रम का वातावरण बनाकर सरकार के संकल्पों को कमजोर किया जा सकता है, लेकिन बड़े संकल्प लेकर चलने वाले लोग ऐसी बाधाओं से नहीं घबराते।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा गुरुवार, 26 नवंबर को भाजपा के संविधान दिवस कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि उनकी सरकार चुनौतियों से डरने वाली नहीं है और न ही अपने संकल्पों से पीछे हटेगी। उन्होंने कहा कि भ्रम फैलाने वाले लोग जानते हैं कि इसका असर कुछ समय तक ही रहता है। आखिरकार जीत सत्य की होती है।सीएम ने कहा कि भ्रम फैलाकर और झूठे नैरेटिव गढ़कर जनता के बीच गलतफहमियां पैदा करने की कोशिश की जा सकती है। ऐसे प्रयासों के जरिए कुछ समय के लिए राजनीतिक लाभ भी लिया जा सकता है, लेकिन इससे सरकार अपने लक्ष्यों और संकल्पों से पीछे नहीं हटेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार अपने निर्धारित संकल्पों को पूरा करने के लिए आगे बढ़ती रहेगी।

पंचायत चुनाव के नतीजों के बाद आया बयान

<a style="border: 0px; overflow: hidden" href=https://youtube.com/embed/3p_lsCuLzng?autoplay=1&mute=1><img src=https://img.youtube.com/vi/3p_lsCuLzng/hqdefault.jpg alt=""><span><div class="youtube_play"></div></span></a>" style="border: 0px; overflow: hidden;" width="640">

मुख्यमंत्री का यह बयान पंचायत चुनावों में भाजपा के प्रदर्शन के बाद आया है। पंचायत चुनावों के नतीजों में पार्टी के प्रदर्शन को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हैं। हालांकि मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में चुनाव परिणामों का सीधे तौर पर उल्लेख नहीं किया, लेकिन उनके बयान को मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों से जोड़कर देखा जा रहा है।पंचायत चुनावों के नतीजों के बाद मुख्यमंत्री की यह पहली सार्वजनिक टिप्पणी मानी जा रही है। उन्होंने अपने संबोधन में सरकार के संकल्पों, चुनौतियों और भ्रम फैलाने की कोशिशों का जिक्र करते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं को संदेश देने की कोशिश की।

भाजपा के वरिष्ठ नेताओं को दिल्ली बुलाया गया

पंचायत चुनावों में भाजपा के प्रदर्शन के बाद पार्टी संगठन में भी हलचल देखने को मिली। बुधवार को भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़, संगठन महामंत्री और सभी महामंत्रियों को दिल्ली बुलाया गया था। इन नेताओं की राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष के साथ बैठक हुई।बैठक में राजस्थान में पार्टी के संगठनात्मक हालात और पंचायत चुनावों के नतीजों को लेकर चर्चा होने की बात सामने आई है। चुनाव परिणामों के बाद प्रदेश संगठन के वरिष्ठ नेताओं की दिल्ली में हुई इस बैठक को अहम माना जा रहा है।

एक ओर पार्टी संगठन के वरिष्ठ नेता दिल्ली में बैठक कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अपने संबोधन में सरकार के संकल्पों पर कायम रहने की बात कही है। उनके बयान के बाद पंचायत चुनावों के नतीजों और भाजपा के संगठनात्मक स्तर पर आगे की रणनीति को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं।