सीएम भजनलाल शर्मा का चयनित UPSC अभ्यर्थियों से संवाद, वीडियो में बोले- अनुशासन से ही मिलता है सफलता का रास्ता
जयपुर में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सिविल सेवा परीक्षा में चयनित युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि कड़ी मेहनत और अनुशासन के जरिए ही UPSC जैसी कठिन परीक्षाओं में सफलता हासिल की जा सकती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सिविल सेवा परीक्षा युवाओं को लोक सेवक बनने का अवसर देती है, जिसके माध्यम से वे विकसित भारत और विकसित राजस्थान के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने चयनित अभ्यर्थियों से अपील की कि वे अपने कार्यों से जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में योगदान दें।
यह संवाद मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित किया गया, जहां UPSC सिविल सेवा और भारतीय वन सेवा परीक्षा-2025 में चयनित राजस्थान के अभ्यर्थियों ने सीएम भजनलाल शर्मा से मुलाकात की और अपने अनुभव साझा किए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा देश के भविष्य के साथ-साथ वर्तमान के भी मजबूत स्तंभ हैं। उन्होंने अभ्यर्थियों से कहा कि वे अपने सेवाकाल में न केवल अपनी कार्यभूमि, बल्कि अपनी मातृभूमि की सेवा को भी प्राथमिकता दें।
सीएम ने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि प्रशासनिक सेवा केवल नौकरी नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की जिम्मेदारी है, जिसे ईमानदारी और समर्पण के साथ निभाना चाहिए।