चिट्टा तस्कर सलमान उर्फ लखा की एक करोड़ की कोठी सील, वीडियो में देंखे ड्रग बेचकर बनाई थी करोड़ों की प्रॉपर्टी
राजस्थान में नशे के खिलाफ कार्रवाई के तहत पुलिस ने कुख्यात चिट्टा यानी हेरोइन तस्कर सलमान खान उर्फ लखा की करीब एक करोड़ रुपये कीमत की कोठी को सील कर दिया है। पुलिस के मुताबिक, सलमान लंबे समय से नशीले पदार्थों की तस्करी में सक्रिय था और उसने चिट्टा बेचकर करोड़ों रुपये की संपत्ति खड़ी की थी। आरोपी अपना ड्रग सप्लाई नेटवर्क खुद संचालित करता था और मोबाइल के जरिए तस्करी का पूरा कारोबार चलाता था।
करीब एक साल पहले हनुमानगढ़ पुलिस ने सलमान को गिरफ्तार किया था। इसके बाद पुलिस ने उसके नेटवर्क और आर्थिक गतिविधियों की गहन पड़ताल शुरू की। जांच में कथित तौर पर सामने आया कि नशे के कारोबार से अर्जित पैसों से आरोपी ने महंगी प्रॉपर्टी खरीदी थी। इसी कार्रवाई के तहत पुलिस ने उसकी करीब एक करोड़ रुपये की कोठी को सील कर दिया।
वॉट्सऐप पर करता था ड्रग डील
पुलिस की जांच में सामने आया कि सलमान अपने ड्रग नेटवर्क के लिए वॉट्सऐप का इस्तेमाल करता था। वह कथित तौर पर वॉट्सऐप के जरिए पैडलर्स से संपर्क करता और नशीले पदार्थ की सप्लाई से संबंधित डील तय करता था। इसके बाद बाइक से खुद भी चिट्टा पहुंचाने जाता था।आरोपी ने श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ के अलावा राजस्थान से सटे पंजाब के कई जिलों में भी अपना नेटवर्क बना रखा था। पुलिस अब उसके संपर्क में रहे लोगों और पैडलर्स के बारे में जानकारी जुटा रही है।
खुद संचालित करता था सप्लाई नेटवर्क
पुलिस के अनुसार, सलमान केवल नशीले पदार्थों की सप्लाई करने तक सीमित नहीं था बल्कि उसने अपना नेटवर्क तैयार कर रखा था। नेटवर्क में जुड़े लोगों के माध्यम से चिट्टे की सप्लाई अलग-अलग इलाकों में की जाती थी। पुलिस अब इस नेटवर्क की पूरी कड़ी खंगालने में जुटी है।जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी की संपत्तियों और आय के स्रोतों की भी पड़ता की। अधिकारियों के मुताबिक, उसकी संपत्ति और नशे के कारोबार से होने वाली कथित कमाई के बीच संबंध की जांच की गई। इसी आधार पर करीब एक करोड़ रुपये की कोठी को सील करने की कार्रवाई की गई है।
नशे के कारोबार से बनाई संपत्ति
पुलिस का दावा है कि सलमान ने नशे के अवैध कारोबार से करोड़ों रुपये की संपत्ति अर्जित की। पुलिस की कार्रवाई का उद्देश्य न केवल नशीले पदार्थों की तस्करी रोकना है, बल्कि अवैध कमाई से बनाई गई संपत्तियों पर भी शिकंजा कसना है।सलमान की कोठी सील किए जाने के बाद पुलिस उसके नेटवर्क से जुड़ी अन्य संपत्तियों और आर्थिक लेनदेन की भी जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि नशे के कारोबार से अर्जित संपत्ति की पहचान कर उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल पुलिस आरोपी के संपर्कों, वॉट्सऐप चैट और कथित ड्रग नेटवर्क से जुड़े लोगों की जानकारी जुटा रही है। श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ और पंजाब से सटे इलाकों में उसके नेटवर्क की जांच आगे भी जारी रहने की संभावना है।