खजूरी पंचायत समिति में देर रात तक हंगामा, रात 2 बजे FIR के बाद धरना समाप्त
भीलवाड़ा जिले की खजूरी पंचायत समिति में प्रधान चुनाव के बाद शुरू हुआ विवाद देर रात तक जारी रहा। शाम से शुरू हुए हंगामे और प्रदर्शन के बाद रात करीब 2 बजे पुलिस ने एफआईआर दर्ज की। इसके बाद प्रदर्शनकारी शांत हुए और धरना समाप्त किया गया। इस दौरान भाजपा और कांग्रेस समर्थकों की ओर से अलग-अलग समय पर प्रदर्शन किया गया।
जानकारी के अनुसार, सबसे पहले बाबूलाल मीणा के समर्थकों ने तोड़फोड़ और हंगामा किया। इसके बाद खजूरी-मांडलगढ़ मेगा हाईवे पर जाम लगा दिया गया। परिणाम घोषित होने के बाद प्रदर्शनकारी शाम करीब साढ़े 5 बजे वापस लौट गए। हालांकि, इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। इससे पंचायत समिति क्षेत्र में देर रात तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।
रात 11 बजे पहुंचे कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव
कांग्रेस कार्यकर्ताओं का धरना जारी रहने के दौरान रात करीब 11 बजे पार्टी के राष्ट्रीय सचिव धीरज गुर्जर खजूरी पहुंचे। उन्होंने धरने पर बैठे कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इस दौरान मौके पर मौजूद कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की। कांग्रेस कार्यकर्ता चुनाव के दौरान हुए घटनाक्रम और बस में तोड़फोड़ को लेकर कार्रवाई की मांग कर रहे थे।धरना देर रात तक जारी रहा। इसके बाद कांग्रेस प्रत्याशी मीरा देवी मीणा ने रात करीब 2 बजे पुलिस को लिखित रिपोर्ट सौंपी। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद समर्थकों ने प्रदर्शन समाप्त कर दिया।
कांग्रेस प्रत्याशी ने विधायक की मौजूदगी में हमले का लगाया आरोप
मीरा देवी मीणा की ओर से दी गई रिपोर्ट में स्थानीय भाजपा विधायक गोपी मीणा की मौजूदगी में भाजपा समर्थकों पर हमला करने का आरोप लगाया गया है। रिपोर्ट में शिवराज मीणा, बाबूलाल मीणा, छगन मीणा, रामकुंवार मीणा, राजेश मीणा, महेंद्र मीणा, श्यामलाल मीणा, महेंद्र मीणा बैई और संतरा देवी सहित करीब 150 लोगों के नाम शामिल किए गए हैं।शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने फावड़े, सरिए, लकड़ियों और ईंट-पत्थरों से बस पर हमला किया। इससे बस के कांच टूट गए। रिपोर्ट में यह भी आरोप लगाया गया है कि हमलावरों ने बस में मौजूद सदस्यों को निर्धारित समय तक मतदान नहीं करने दिया।
बस में तोड़फोड़ और मतदान रोकने के आरोप
कांग्रेस प्रत्याशी की शिकायत में चुनाव प्रक्रिया के दौरान सदस्यों को मतदान से रोकने और बस पर हमला करने की बात कही गई है। घटनाक्रम के बाद दोनों पक्षों के समर्थकों की ओर से प्रदर्शन किया गया। पहले हाईवे पर जाम लगाया गया और बाद में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने धरना शुरू कर दिया।फिलहाल पुलिस को दी गई रिपोर्ट के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी। शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।