60 हजार रुपए की 'चांदी की चटनी' कभी राजा-महाराजाओं की थाली की शान, फुटेज में देंखे अब जयपुर की शेफ चारू सोनी ने दिलाई नई पहचान
क्या आपने कभी 60 हजार रुपए कीमत वाली चटनी के बारे में सुना है? सुनने में यह भले ही अजीब लगे, लेकिन राजस्थान के शाही खानपान का हिस्सा रही 'चांदी की चटनी' आज भी अपनी खासियत के लिए जानी जाती है। कभी राजा-महाराजाओं की रसोई में बनने वाली इस अनोखी चटनी को अब जयपुर की शेफ चारू सोनी ने नई पहचान दिलाई है। हाल ही में उन्होंने इस खास व्यंजन को 'मास्टर शेफ इंडिया' के मंच पर प्रस्तुत किया, जिसे देखकर अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी भी हैरान रह गईं।
सोने-चांदी के भस्म से तैयार होती है खास चटनी
चारू सोनी बताती हैं कि इस विशेष चटनी को सोने और चांदी के भस्म सहित कई पारंपरिक औषधीय सामग्री से तैयार किया जाता है। पहले के समय में इसे राजघरानों के खानसामे चांदी के बर्तनों में परोसते थे और यह शाही भोजन का अहम हिस्सा होती थी।दुर्लभ और महंगी सामग्री के कारण इसकी एक छोटी कटोरी की कीमत करीब 60 हजार रुपए तक पहुंच जाती है। यही वजह है कि यह चटनी आज भी बेहद खास मानी जाती है।
वैद्य के सुझाव से मिला अनोखा आइडिया
चारू ने बताया कि उन्हें इस चटनी को बनाने का विचार एक वैद्यजी से मिला। इसके बाद उन्होंने पारंपरिक विधि और ऐतिहासिक जानकारी जुटाकर इस शाही रेसिपी को दोबारा तैयार किया। उनका उद्देश्य राजस्थान की भूली-बिसरी पाक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है।
शादी के बाद रसोई से शुरू हुआ सफर
आज शाही व्यंजनों की विशेषज्ञ बन चुकी चारू सोनी का सफर भी बेहद प्रेरणादायक है। वह बताती हैं कि शादी के समय उन्हें आटा गूंथना तक नहीं आता था। ऐसे में उनके पति ने उन्हें रसोई के बुनियादी काम सिखाए। धीरे-धीरे उन्होंने पारंपरिक राजस्थानी व्यंजनों का गहन अध्ययन किया और अपनी मेहनत के दम पर एक सफल शेफ बन गईं।वर्तमान में चारू जयपुर के सिटी पैलेस में बतौर शेफ कार्यरत हैं और शाही खानपान की परंपराओं को जीवंत बनाए रखने का काम कर रही हैं।
सेलिब्रिटीज भी हुए स्वाद के मुरीद
चारू के हाथों का स्वाद कई नामी हस्तियों को भी पसंद आ चुका है। उन्होंने बताया कि उनके बनाए व्यंजन खाकर अभिनेत्री करिश्मा कपूर भावुक हो गई थीं। वहीं अभिनेता चंकी पांडे ने उनके खाने से प्रभावित होकर अपनी बेटी अनन्या पांडे की शादी में खाना बनाने का प्रस्ताव भी दिया था।
राजस्थानी पाक विरासत को नई पहचान
चारू सोनी का मानना है कि राजस्थान केवल अपनी संस्कृति, किलों और लोककला के लिए ही नहीं, बल्कि अपनी समृद्ध पाक परंपरा के लिए भी दुनिया भर में जाना जाता है। उनकी कोशिश है कि शाही व्यंजनों और पारंपरिक रेसिपी को आधुनिक दौर में नई पहचान मिले और लोग राजस्थान के ऐतिहासिक स्वाद से रूबरू हो सकें।राजा-महाराजाओं की रसोई से निकलकर आधुनिक मंच तक पहुंची 'चांदी की चटनी' आज राजस्थान की समृद्ध खानपान संस्कृति और शाही विरासत की एक अनोखी मिसाल बन चुकी है।