जयपुर में CA का फिल्मी अंदाज में अपहरण, फुटेज में देंखे पिस्टल-चाकू लेकर कार में घुसे बदमाश; हादसे के बाद छोड़कर भागे
राजस्थान की राजधानी जयपुर में एक चार्टर्ड अकाउंटेंट के अपहरण की सनसनीखेज घटना सामने आई है। सेंट्रल पार्क की पार्किंग से दो बदमाशों ने 50 वर्षीय CA राजीव गुप्ता को हथियारों के बल पर अगवा कर लिया। हालांकि, अपहरण के कुछ देर बाद कार हादसे का शिकार हो गई, जिसके बाद बदमाश मौके से फरार हो गए और राजीव गुप्ता की जान बच गई।घटना मोती डूंगरी थाना क्षेत्र से जुड़ी है। राजीव गुप्ता ने इस मामले में अशोक नगर थाना में अपहरण की एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस अब आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
मॉर्निंग वॉक के बाद कार में बैठते समय किया अपहरण
राजीव गुप्ता ने पुलिस को बताया कि वह रोज की तरह बुधवार सुबह करीब 6:30 बजे सेंट्रल पार्क मॉर्निंग वॉक के लिए पहुंचे थे। करीब एक घंटे बाद जब वह घर जाने के लिए अपनी मर्सिडीज कार के पास पहुंचे और गेट खोला, तभी दो बदमाश अचानक वहां आ गए।उन्होंने बताया कि एक बदमाश पिस्टल लेकर कार की पिछली सीट पर बैठ गया, जबकि दूसरे बदमाश के पास चाकू था। हथियारों के बल पर दोनों ने उन्हें डराया और कार लेकर निकल गए।
आमेर की तरफ ले गए बदमाश
राजीव गुप्ता के मुताबिक, बदमाश उन्हें कार में बैठाकर आमेर थाना क्षेत्र की ओर ले गए। रास्ते में उन्होंने किसी तरह मदद मांगने की कोशिश की। उन्होंने चलती कार का गेट खोलकर बाहर लोगों का ध्यान आकर्षित करने का प्रयास किया।इस दौरान कार चला रहे बदमाश का नियंत्रण बिगड़ गया और कार एक इक से टकराकर पलट गई। हादसे के बाद दोनों आरोपी राजीव गुप्ता को मौके पर छोड़कर फरार हो गए।
पुलिस ने शुरू की जांच
एसीपी पूनम ने बताया कि राजीव गुप्ता की शिकायत पर अपहरण का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की जांच कर रही है और आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।पुलिस यह भी पता लगा रही है कि बदमाशों का मकसद सि अपहरण था या इसके पीछे कोई और वजह थी।
हादसे ने बचाई CA की जान
घटना के बाद राजीव गुप्ता ने पुलिस को पूरी जानकारी दी। शुरुआती जांच में सामने आया है कि अगर कार हादसे का शिकार नहीं होती तो बदमाश उन्हें किसी सुनसान जगह पर ले जा सकते थे।फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है। जयपुर जैसे व्यस्त इलाके में दिनदहाड़े हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ने की कोशिश की जा रही है।