बूंदी POCSO कोर्ट का बड़ा फैसला, किशोरी से दुष्कर्म के दोषी को 20 साल की सजा
Mar 30, 2026, 17:30 IST
बूंदी जिले में किशोरी से दुष्कर्म के मामले में त्वरित सुनवाई करते हुए न्यायालय ने आरोपी को 20 साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई है। साथ ही अदालत ने दोषी पर 45 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है।
यह फैसला पॉक्सो कोर्ट क्रम संख्या-2 ने सुनाया। विशेष बात यह रही कि मामले में महज 4 महीने के भीतर सुनवाई पूरी कर निर्णय दिया गया, जिससे पीड़िता को शीघ्र न्याय मिल सका।
विशिष्ट लोक अभियोजक निशांत सोनी के अनुसार, यह घटना 21 नवंबर 2025 की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और अभियोजन पक्ष ने तेजी से साक्ष्य प्रस्तुत किए, जिसके आधार पर अदालत ने दोष सिद्ध पाया।
कोर्ट के इस फैसले को महिला सुरक्षा और त्वरित न्याय प्रणाली की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। आरोपी को सजा सुनाए जाने के बाद न्याय व्यवस्था में भरोसा और मजबूत हुआ है।