×

जयपुर में शादी से पहले दुल्हन फरार, डेढ़ लाख में तय हुआ था रिश्ता; वीडियो में जाने युवक ने कोर्ट के आदेश पर दर्ज कराया केस

 

जयपुर में शादी का सपना देख रहे एक 40 वर्षीय युवक के साथ कथित तौर पर धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोप है कि शादी करवाने के नाम पर बिचौलिए ने युवक से डेढ़ लाख रुपये में सौदा तय किया। इसके बाद एक युवती को उसके साथ भेजा गया, लेकिन उसी दिन युवती घर से बाहर खड़ी कार में बैठकर फरार हो गई। युवक ने कार का पीछा भी किया, लेकिन आरोपी तेज रफ्तार में कार भगाकर निकल गए।

मामले में धोखे का एहसास होने के बाद पीड़ित ने अदालत का दरवाजा खटखटाया। कोर्ट के आदेश के बाद शनिवार को जामडोली थाने में कथित जालसाज गैंग के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है।हेड कॉन्स्टेबल मुकेश कुमार के मुताबिक, आगरा रोड निवासी 40 वर्षीय युवक ने शिकायत दर्ज कराई है। युवक का कहना है कि शादी नहीं होने के कारण वह परेशान था। इसी दौरान मई 2026 में उसका एक रिश्तेदार उसके घर आया।

<a style="border: 0px; overflow: hidden" href=https://youtube.com/embed/wUIM5ATcJn8?autoplay=1&mute=1><img src=https://img.youtube.com/vi/wUIM5ATcJn8/hqdefault.jpg alt=""><span><div class="youtube_play"></div></span></a>" style="border: 0px; overflow: hidden;" width="640">

रिश्तेदार ने बताया था शादी करवाने का तरीका

पीड़ित के अनुसार, रिश्तेदार ने उसे बताया कि उसकी भी शादी नहीं हो रही थी। इसके बाद उसके परिचित विनोद ने पैसे लेकर उसकी शादी करवाई थी। रिश्तेदार ने दावा किया कि विनोद कई लोगों की शादी करवाने का काम कर चुका है।इसके बाद पीड़ित की शादी करवाने के लिए भी विनोद से संपर्क किया गया। आरोप है कि विनोद ने शादी करवाने के बदले डेढ़ लाख रुपये की मांग रखी। पीड़ित को शादी होने की उम्मीद जगी और उसने बिचौलिए की बात पर भरोसा कर लिया।

दो युवतियों में से किसी एक को चुनने की बात

शिकायत के अनुसार, 26 मई 2026 को विनोद अपनी पत्नी और दो अन्य लड़कियों के साथ पीड़ित के घर पहुंचा। विनोद ने युवक से कहा कि दोनों लड़कियों में से जिसे वह पसंद करेगा, उसी से उसकी शादी करवा दी जाएगी।पीड़ित का आरोप है कि विश्वास दिलाने के लिए एक लड़की को उसी के साथ घर भेज दिया गया। इससे उसे लगा कि शादी की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है और वह कथित बिचौलिए की बातों पर भरोसा करता रहा।

लेकिन उसी शाम करीब 5 बजे अचानक घर के बाहर एक स्विफ्ट कार आकर रुकी। आरोप है कि लड़की घर से बाहर निकली और कार में जाकर बैठ गई। इसके बाद कार वहां से तेजी से निकल गईपीड़ित ने कार का पीछा करने की कोशिश की। वह काफी दूर तक कार के पीछे गया, लेकिन आरोप है कि कार सवार लोगों ने वाहन की रफ्तार बढ़ा दी और मौके से फरार हो गए।

कोर्ट के आदेश पर दर्ज हुई FIR

घटना के बाद युवक को कथित धोखाधड़ी का एहसास हुआ। उसने पुलिस से शिकायत करने की कोशिश की, लेकिन मामला दर्ज नहीं होने पर अदालत का रुख किया। कोर्ट के आदेश के बाद अब जामडोली थाने में विनोद समेत कथित गैंग के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी पहले भी इसी तरह शादी के नाम पर लोगों से धोखाधड़ी कर चुके हैं या नहीं। साथ ही युवती और उसके साथ कार में फरार हुए लोगों की पहचान और भूमिका की जांच की जा रही है।

पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। शादी के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह की आशंका को देखते हुए पुलिस बिचौलिए के पुराने संपर्कों और अन्य संभावित पीड़ितों के बारे में भी जानकारी जुटा सकती है। मामले में आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।