×

जयपुर में ब्लाइंड मर्डर का खुलासा: 4 घंटे में पुलिस ने सुलझाई गुत्थी, भतीजे ने साथी के साथ मिलकर की चाचा की हत्या

 

राजस्थान की राजधानी जयपुर के जयसिंहपुरा खोर थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक ब्लाइंड मर्डर केस का महज चार घंटे में खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें मृतक का भतीजा भी शामिल है।

जानकारी के अनुसार, इलाके में एक व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की और तकनीकी साक्ष्यों तथा पूछताछ के आधार पर तेजी से आरोपियों तक पहुंच बनाई।

जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि मृतक की हत्या किसी अज्ञात व्यक्ति ने नहीं, बल्कि उसके ही भतीजे ने अपने एक गांव के साथी के साथ मिलकर की थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हत्या के पीछे शराब पीने के दौरान हुआ विवाद और पुरानी रंजिश मुख्य कारण रही।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, दोनों आरोपियों ने मिलकर वारदात की योजना बनाई और उसे अंजाम दिया। हत्या के बाद दोनों मौके से फरार हो गए थे, लेकिन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उन्हें कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपि से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि वारदात में किसी और की संलिप्तता तो नहीं है और घटना में इस्तेमाल किए गए हथियार को भी बरामद करने की कोशिश की जा रही है। इस तेज कार्रवाई को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है, वहीं घटना के बाद इलाके में दहशत और सनसनी का माहौल है।