निकाय चुनाव में BJP का मेगा प्लान, फुटेज में देंखे 10 नगर निगमों में CM भजनलाल के रोड शो; जानें किस शहर में कब होगा प्रचार
राजस्थान के निकाय चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने प्रचार अभियान को तेज करने की तैयारी कर ली है। टिकट वितरण से लेकर बागियों को मनाने तक सत्ता और संगठन के स्तर पर मिलकर काम करने के बाद अब पार्टी ने प्रदेश के 10 नगर निगमों में प्रचार का विशेष प्लान तैयार किया है। इसके तहत मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सहित केंद्रीय नेताओं को अलग-अलग नगर निगम क्षेत्रों में प्रचार की जिम्मेदारी सौंपी गई है। मुख्यमंत्री अगले पांच दिनों में 10 नगर निगम क्षेत्रों में रोड शो करेंगे।
10 नगर निगमों में CM भजनलाल का रोड शो
बीजेपी के चुनावी प्लान के तहत मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा लगातार पांच दिनों तक अलग-अलग शहरों में रोड शो करेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में जनता के बीच पहुंचेंगे और चुनाव प्रचार को धार देंगे। कार्यक्रम के मुताबिक मुख्यमंत्री शनिवार को भीलवाड़ा और उदयपुर में रोड शो करेंगे। इसके अगले दिन रविवार को बीकानेर, अजमेर और जोधपुर में रोड शो प्रस्तावित है।इसके बाद मुख्यमंत्री का रोड शो अभियान लगातार जारी रहेगा। 7 सितंबर को भरतपुर और अलवर, जबकि 8 सितंबर को पाली और कोटा में रोड शो होगा। वहीं 9 सितंबर को जयपुर में मुख्यमंत्री रोड शो करेंगे।
कब और कहां होगा CM का रोड शो?
| तारीख | शहर |
|---|---|
| 5 सितंबर | भीलवाड़ा, उदयपुर |
| 6 सितंबर | बीकानेर, अजमेर, जोधपुर |
| 7 सितंबर | भरतपुर, अलवर |
| 8 सितंबर | पाली, कोटा |
| 9 सितंबर | जयपुर |
सत्ता और संगठन ने संभाली चुनावी कमान
निकाय चुनाव के लिए बीजेपी ने शुरुआत से ही सत्ता और संगठन के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया है। टिकट वितरण के दौरान दावेदारों के बीच संतुलन बनाने से लेकर बागी प्रत्याशियों को मनाने तक पार्टी के स्तर पर प्रयास किए गए।अब चुनाव प्रचार के अंतिम चरण में पार्टी बड़े नेताओं को मैदान में उतारकर माहौल अपने पक्ष में करने की तैयारी कर रही है। मुख्यमंत्री के अलावा केंद्रीय नेताओं को भी अलग-अलग नगर निगमों में प्रचार की जिम्मेदारी दी गई है।
सरकार के कामकाज को जनता तक पहुंचाने की तैयारी
राजनीतिक तौर पर मुख्यमंत्री के लगातार रोड शो को बीजेपी की चुनावी रणनीति का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जा रहा है। विधानसभा चुनाव के बाद पहली बार बड़े स्तर पर हो रहे नगरीय निकाय चुनाव में पार्टी राज्य सरकार के कामकाज को स्थानीय मतदाताओं के बीच ले जाने की तैयारी में है।मुख्यमंत्री के रोड शो के दौरान सरकार के विकास कार्यों और स्थानीय विकास से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा। पार्टी की कोशिश है कि प्रदेश सरकार की उपलब्धियों के साथ-साथ शहरों से जुड़े स्थानीय मुद्दों को भी चुनावी अभियान का हिस्सा बनाया जाए।
जयपुर में 9 सितंबर को होगा रोड शो
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का पांच दिवसीय रोड शो अभियान 9 सितंबर को जयपुर में समाप्त होगा। जयपुर प्रदेश का सबसे महत्वपूर्ण शहरी राजनीतिक केंद्र होने के कारण बीजेपी के लिए यहां का चुनावी प्रदर्शन खास मायने रखता है।ऐसे में अंतिम दिन जयपुर में मुख्यमंत्री का रोड शो पार्टी के प्रचार अभियान का बड़ा कार्यक्रम माना जा रहा है। बीजेपी की कोशिश है कि मुख्यमंत्री के रोड शो के जरिए पार्टी प्रत्याशियों के पक्ष में माहौल बनाया जाए और निकाय चुनाव में सत्ता और संगठन की संयुक्त रणनीति को जमीन पर मजबूती दी जा सके।