बीज घोटाले में बड़ा खुलासा: वीडियो में देंखे 15 करोड़ के नकली मूंगफली बीज मामले में 2.45 करोड़ की रिश्वत केस की जांच तेज
Anti-Corruption Bureau Rajasthan (ACB) ने बुधवार को 15 करोड़ रुपये मूल्य के नकली मूंगफली बीज को लेकर सामने आए रिश्वत कांड में गिरफ्तार आरोपियों से आमने-सामने पूछताछ की। इस दौरान जांच में कई अहम खुलासे सामने आए हैं, जिससे पूरे मामले की परतें और खुलती जा रही हैं।मामला नकली बीजों की खेप को गुजरात भेजने और जांच रिपोर्ट को पक्ष में करवाने के बदले करीब 2 करोड़ 45 लाख रुपये की रिश्वत से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है। इस प्रकरण ने कृषि और बीज आपूर्ति से जुड़े सिस्टम पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जांच के दौरान मुख्य आरोपी और बीज निगम के पूर्व निदेशक जुगल किशोर ने स्वीकार किया कि वह सीज संबंधी कार्रवाई के दौरान अधिकारियों के साथ लगातार मौजूद रहता था। पूछताछ में उसने यह भी बताया कि वह अपने भांजे स्वतंत्र और सुनील के जरिए फर्म मालिक से पैसे लेकर मामले को दबाने का काम करता था। एसीबी अधिकारियों के अनुसार, शुरुआती पूछताछ में जुगल किशोर ने किसी भी आरोपी को पहचानने से इनकार कर दिया था, लेकिन बाद में जब उसके सामने फोन सर्विलांस और तकनीकी सबूत पेश किए गए, तो उसने कथित तौर पर अपना जुर्म स्वीकार कर लिया।
इस मामले में सामने आए नए तथ्यों के बाद जांच एजेंसी ने रिश्वत के लेन-देन, नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की गहन जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि यह सिर्फ एक व्यक्ति तक सीमित मामला नहीं है, बल्कि इसमें एक संगठित तंत्र के शामिल होने की आशंका है।Anti-Corruption Bureau Rajasthan अब यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या इस तरह के मामलों में पहले भी इसी पैटर्न पर काम हुआ है और कितने स्तरों पर मिलीभगत रही है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और आने वाले दिनों में और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।