भजनलाल शर्मा का गहलोत पर पलटवार- आपकी खाद-बीज की दुकान थी, वीडियो में जाने किसानों को लूटते थे; परिवारवाद पर भी घेरा
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर तीखा हमला बोला है। मंगलवार को जोधपुर में आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा में शामिल होने के बाद सभा को संबोधित करते हुए सीएम ने कहा, “आपकी खाद-बीज की दुकान थी, किसानों को लूटते थे। मैं ब्रजवासी हूं, आप जो कहेंगे, उसका पूरा जवाब दूंगा और इसमें कोई कसर नहीं छोड़ूंगा।”मुख्यमंत्री ने कांग्रेस और अशोक गहलोत पर परिवारवाद, भ्रष्टाचार और तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जब तक परिवारवाद की राजनीति करती रहेगी, उसका हश्र और भी खराब होने वाला है।
गहलोत के आरोपों पर सीएम का जवाब
दरअसल, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने हाल ही में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को लेकर बयान दिया था। गहलोत ने कहा था कि जब नई सरकार बनी थी, तब उन्होंने भजनलाल शर्मा को सलाह दी थी कि अपने रिश्तेदारों को सत्ता से दूर रखें।गहलोत ने आरोप लगाया था कि मुख्यमंत्री के रिश्तेदार प्रमोद शर्मा पुलिस रिकॉर्ड में फरार होने के बावजूद खुलेआम घूम रहे हैं। उन्होंने यह भी दावा किया था कि नई सरकार के शपथ लेते ही उनके पुराने केस बंद करवा दिए गए।अब भजनलाल शर्मा का जोधपुर में दिया गया बयान गहलोत के इन्हीं आरोपों का जवाब माना जा रहा है। हालांकि, मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में गहलोत पर खाद-बीज की दुकान और किसानों को लूटने को लेकर भी टिप्पणी की।
परिवारवाद और तुष्टिकरण की राजनीति पर साधा निशाना
सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कांग्रेस की राजनीति पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस परिवारवाद, भ्रष्टाचार और तुष्टिकरण की राजनीति करती है। सीएम ने परिवारवाद को लेकर गहलोत और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जब तक पार्टी इसी तरह की राजनीति करती रहेगी, उसे आगे भी नुकसान उठाना पड़ेगा।मुख्यमंत्री मंगलवार को जोधपुर में भाजपा की ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा में शामिल हुए थे। पदयात्रा के बाद आयोजित सभा में उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधा और पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के आरोपों का जवाब दिया।इस बयान के बाद राजस्थान की राजनीति में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और अशोक गहलोत के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर एक बार फिर चर्चा में आ गया है।