आक्या से बेनीवाल बोले- RLP सदस्य को नागौर भेजो: चित्तौड़गढ़ पंचायत समिति में किंगमेकर हैं शंकरी बाई, बेटे ने कहा- मां को जबरदस्ती ले गए
राजस्थान के चित्तौड़गढ़ में पंचायत समिति के प्रधान चुनाव को लेकर राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) और बीजेपी के बीच सियासी खींचतान तेज हो गई है। इस पूरे विवाद के केंद्र में RLP की एकमात्र विजेता सदस्य शंकरी बाई भील हैं। पंचायत समिति में बीजेपी और कांग्रेस के बराबर सीटें आने के कारण शंकरी बाई किंगमेकर बन गई हैं। इस बीच RLP सुप्रीमो और नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने मामले में हस्तक्षेप किया है। विधायक चंद्रभान सिंह आक्या से बातचीत के बाद तय हुआ कि शंकरी बाई को नागौर भेजा जाएगा, जहां वह बेनीवाल से मुलाकात करेंगी। इसके बाद पार्टी नेतृत्व की मौजूदगी में आगे का फैसला लिया जाएगा।
29 सीटों वाली पंचायत समिति में 14-14 पर बीजेपी-कांग्रेस
चित्तौड़गढ़ पंचायत समिति में कुल 29 सदस्य हैं। पंचायत चुनाव में बीजेपी और कांग्रेस दोनों को 14-14 सीटें मिली हैं। वहीं RLP की ओर से शंकरी बाई भील ने एक सीट पर जीत दर्ज की है। प्रधान बनाने के लिए 15 सदस्यों का समर्थन जरूरी है। ऐसे में शंकरी बाई का एक वोट निर्णायक हो गया है। इसी वजह से दोनों प्रमुख दल उन्हें अपने पक्ष में बनाए रखने की कोशिश कर रहे हैं।
विधायक आक्या के साथ जाने पर शुरू हुआ विवाद
विवाद उस समय शुरू हुआ, जब चित्तौड़गढ़ के निर्दलीय विधायक चंद्रभान सिंह आक्या और शंकरी बाई के कुछ वीडियो सामने आए। इनमें विधायक शंकरी बाई और उनके पति रतनलाल भील के साथ दिखाई दिए। RLP नेताओं ने आरोप लगाया कि विधायक उन्हें अपने साथ ले गए और बीजेपी के समर्थन के लिए दबाव बनाया गया।
RLP जिला प्रभारी बद्रीलाल जाट ने दावा किया कि शंकरी बाई ने पहले हनुमान बेनीवाल से बातचीत करने की बात कही थी। इसके बावजूद उन्हें अलग-अलग गाड़ियों से चित्तौड़गढ़ ले जाया गया।
बेटे ने वीडियो जारी कर लगाया जबरदस्ती ले जाने का आरोप
इस मामले में शंकरी बाई के बेटे बबलू ने भी वीडियो जारी किया। उसने आरोप लगाया कि उसके माता-पिता को जबरदस्ती ले जाया गया है। बेटे ने कहा कि उनका परिवार हनुमान बेनीवाल के साथ है। उसने लोगों से इस मामले में साथ देने की अपील भी की।
हालांकि, इससे पहले शंकरी बाई और उनके पति ने वीडियो जारी कर कहा था कि वे अपनी मर्जी से बीजेपी के साथ गए हैं। उन्होंने किसी तरह के दबाव या जबरदस्ती से इनकार किया था। शंकरी बाई ने कहा था कि उन्होंने अपने वार्ड के विकास के लिए बीजेपी को समर्थन देने का फैसला किया है। विधायक चंद्रभान सिंह आक्या ने भी अपने ऊपर लगे आरोपों को खारिज किया है।
बेनीवाल के हस्तक्षेप के बाद बनी पांच सदस्यीय कमेटी
विवाद बढ़ने के बाद RLP कार्यकर्ताओं ने चित्तौड़गढ़ कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। पार्टी ने विधायक आक्या के खिलाफ कार्रवाई और शंकरी बाई को वापस लाने की मांग उठाई। इसके बाद हनुमान बेनीवाल ने पांच सदस्यीय कमेटी गठित करने के निर्देश दिए।
कमेटी ने जिला कलेक्टर से मुलाकात की और विधायक आक्या से भी बातचीत की। इसके बाद सहमति बनी कि शंकरी बाई सीधे नागौर जाकर हनुमान बेनीवाल से मिलेंगी। नागौर में होने वाला फैसला ही अंतिम माना जाएगा और पार्टी के पदाधिकारी उसी के अनुसार आगे की रणनीति बनाएंगे।
फिलहाल इस पूरे घटनाक्रम के बाद चित्तौड़गढ़ पंचायत समिति के प्रधान चुनाव पर सबकी नजरें टिकी हैं। शंकरी बाई का समर्थन किसे मिलता है, इससे बोर्ड गठन का पूरा गणित तय होगा।