बाड़मेर निकाय चुनाव: वोट मांगने के दौरान विवाद, फुटेज में देंखे भाजपा प्रत्याशी के रिश्तेदार को महिला ने मारा थप्पड़
राजस्थान के बाड़मेर जिले में नगर निकाय चुनाव के दौरान शुक्रवार को एक विवाद सामने आया। धोरीमन्ना नगरपालिका के वार्ड नंबर-5 में वोट मांगने पहुंचे भाजपा प्रत्याशी के रिश्तेदार को कांग्रेस प्रत्याशी की रिश्तेदार महिला ने थप्पड़ मार दिया। घटना के बाद मौके पर हंगामा हो गया और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। जानकारी के मुताबिक, दोनों पक्ष अपने-अपने प्रत्याशियों के समर्थन में घर-घर जाकर मतदाताओं से वोट की अपील करने पहुंचे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर कांग्रेस प्रत्याशी इमरती देवी की रिश्तेदार महिला ने भाजपा प्रत्याशी माडूदेवी के रिश्तेदार को थप्पड़ मार दिया।घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों की भीड़ जमा हो गई। दोनों पक्षों के समर्थकों के बीच तनाव की स्थिति बन गई। हालांकि, स्थिति को संभालने के लिए मौके पर मौजूद लोगों और प्रशासनिक टीम ने हस्तक्षेप किया।
दूसरे चरण में शुरू हुआ मतदान
बाड़मेर जिले में नगर निकाय चुनाव के दूसरे चरण के तहत शुक्रवार सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हुआ। जिले की चौहटन नगर पालिका के साथ-साथ बालोतरा जिले की सिणधरी, धोरीमन्ना समेत अन्य नगर पालिकाओं में मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर रहे हैं।मतदान को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा के इंतजाम किए हैं। संवेदनशील बूथों पर पुलिस बल तैनात किया गया है।
चौहटन बूथ पर फर्जी मतदान का आरोप
वहीं, चौहटन नगर पालिका क्षेत्र में भी मतदान के दौरान एक मामला सामने आया। बूथ संख्या 18 पर एक युवक को कथित तौर पर फर्जी मतदान करते हुए पकड़ा गया।जानकारी के अनुसार, युवक को बूथ पर मौजूद लोगों ने पकड़ लिया। जब वह वहां से भागने की कोशिश करने लगा तो गेट पर तैनात पुलिसकर्मी ने उसे पकड़ लिया।हालांकि, कुछ देर बाद पुलिस ने युवक को छोड़ दिया। इस मामले को लेकर भी लोगों में चर्चा रही। अब प्रशासन पूरे घटनाक्रम की जांच कर रहा है।
प्रशासन की मतदान पर नजर
नगर निकाय चुनाव को देखते हुए प्रशासन ने सभी मतदान केंद्रों पर निगरानी बढ़ा रखी है। चुनाव आयोग के निर्देशों के अनुसार मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था की गई है।चुनाव के दौरान सामने आ रहे विवादों और शिकायतों पर अधिकारी नजर बनाए हुए हैं। पुलिस का कहना है कि किसी भी तरह की गड़बड़ी या कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।बाड़मेर समेत राजस्थान के कई निकाय क्षेत्रों में दूसरे चरण का मतदान राजनीतिक रूप से काफी अहम माना जा रहा है। भाजपा, कांग्रेस और अन्य दलों के प्रत्याशी मतदाताओं को अपने पक्ष में करने के लिए पूरी ताकत लगा रहे हैं। अब मतदान समाप्त होने के बाद परिणामों का इंतजार रहेगा, जिससे स्थानीय निकायों की नई तस्वीर साफ होगी।