×

बाड़मेर निकाय चुनाव: नाम वापसी का आज आखिरी दिन, बागियों को मनाने में जुटे भाजपा-कांग्रेस नेता

 

राजस्थान के बाड़मेर नगर निकाय चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। नामांकन वापस लेने का आज आखिरी दिन है। ऐसे में भाजपा और कांग्रेस दोनों ही प्रमुख दल अपने-अपने बागी प्रत्याशियों को मनाने में जुटे हुए हैं।जानकारी के अनुसार, गुरुवार को भी भाजपा और कांग्रेस के कई बड़े नेता नाराज प्रत्याशियों के घर पहुंचकर उन्हें चुनाव मैदान से हटने के लिए समझाने का प्रयास कर रहे हैं। पार्टियों की कोशिश है कि अधिकृत प्रत्याशियों के सामने खड़े बागी उम्मीदवारों को नाम वापस लेने के लिए राजी किया जा सके।

प्रत्याशी आज दोपहर 3 बजे तक अपना नामांकन वापस ले सकेंगे। इसके बाद चुनाव मैदान में रहने वाले उम्मीदवारों की अंतिम सूची जारी की जाएगी और प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे नाम वापसी के पहले दिन बाड़मेर में 11 प्रत्याशियों ने अपने नाम वापस लिए थे। अब अंतिम दिन कितने उम्मीदवार चुनावी मैदान से हटते हैं, इस पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।

निकाय चुनाव में टिकट नहीं मिलने से नाराज कई कार्यकर्ताओं ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल कर दिया था। इससे भाजपा और कांग्रेस दोनों दलों के अधिकृत उम्मीदवारों के सामने चुनौती खड़ी हो गई है।राजनीतिक जानकारों के अनुसार, स्थानीय निकाय चुनावों में निर्दलीय प्रत्याशियों की भूमिका काफी अहम होती है। कई बार बागी उम्मीदवार प्रमुख दलों के चुनावी समीकरण बिगाड़ देते हैं। इसी वजह से दोनों पार्टियां अंतिम समय तक नाराज नेताओं और कार्यकर्ताओं को साधने में जुटी हैं।

प्रशासन की ओर से नाम वापसी की प्रक्रिया को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। दोपहर 3 बजे के बाद चुनावी तस्वीर पूरी तरह साफ हो जाएगी कि बाड़मेर में कितने उम्मीदवार मैदान में रहेंगे और किन वार्डों में मुकाबला रोचक होगा।अब सबकी नजर नाम वापसी के अंतिम आंकड़ों और चुनावी मैदान में बचे प्रत्याशियों की सूची पर है। इसके बाद बाड़मेर नगर निकाय चुनाव का प्रचार अभियान पूरी गति पकड़ने की संभावना है।