जयपुर में कलाकारों का आंदोलन: रविंद्र मंच के गेट पर लगा ताला, वीडियो में जाने बाहर सड़क पर शुरू किया क्रमिक अनशन
राजस्थान की सांस्कृतिक संस्थाओं की बदहाल स्थिति और कलाकारों की लंबे समय से लंबित मांगों को लेकर जयपुर में कलाकारों का आंदोलन शुरू हो गया। संयुक्त कलाकार अभियान की ओर से आज रविंद्र मंच पर प्रस्तावित क्रमिक अनशन की शुरुआत करने पहुंचे कलाकारों को मंच परिसर में प्रवेश नहीं मिल सका। कलाकारों के पहुंचने से पहले ही रविंद्र मंच के मुख्य गेट पर ताले लगा दिए गए थे।
गेट पर ताला लगा होने के कारण कलाकार मंच परिसर में प्रवेश नहीं कर सके। इसके बाद उन्होंने मंच के बाहर ही बैठकर क्रमिक अनशन शुरू करने का फैसला किया। कलाकारों ने कहा कि वे अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से सरकार का ध्यान आकर्षित करना चाहते हैं।
सड़क पर बैठे उज्ज्वल प्रकाश मिश्रा
रविंद्र मंच के बाहर कलाकारों की ओर से उज्ज्वल प्रकाश मिश्रा सड़क पर ही अनशन पर बैठ गए। इस दौरान कलाकारों और समर्थकों ने उनका माल्यार्पण कर क्रमिक अनशन की शुरुआत करवाई।
कलाकारों का कहना है कि राजस्थान की प्रमुख सांस्कृतिक संस्थाएं लंबे समय से समस्याओं से जूझ रही हैं। कलाकारों की कई मांगें भी लंबे समय से लंबित हैं, लेकिन इन मुद्दों पर अपेक्षित स्तर पर कार्रवाई नहीं हुई है। इसी के विरोध में संयुक्त कलाकार अभियान के तहत क्रमिक अनशन का निर्णय लिया गया।
शांतिपूर्ण आंदोलन का दावा
अनशन पर बैठे कलाकारों ने कहा कि उनका उद्देश्य किसी तरह का विवाद पैदा करना नहीं, बल्कि अपनी मांगों को सरकार तक शांतिपूर्ण तरीके से पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि कलाकार लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठा रहे हैं और सरकार से सांस्कृतिक संस्थाओं की स्थिति सुधारने तथा कलाकारों की लंबित मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई की अपेक्षा कर रहे हैं।कलाकारों के अनुसार, सांस्कृतिक संस्थाओं का मजबूत होना प्रदेश की कला और संस्कृति के संरक्षण के लिए जरूरी है। उन्होंने सरकार से कलाकारों की समस्याओं पर गंभीरता से विचार करने की मांग की।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
रविंद्र मंच के बाहर कलाकारों के बैठकर अनशन शुरू करने की सूचना मिलने के बाद कुछ ही देर में पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने वहां मौजूद कलाकारों से बातचीत की और स्थिति का जायजा लिया। मंच के गेट पर ताला लगाए जाने के बाद कलाकारों ने बाहर ही आंदोलन शुरू कर दिया। अब देखना होगा कि सरकार और प्रशासन की ओर से कलाकारों की मांगों को लेकर क्या कदम उठाया जाता है। फिलहाल रविंद्र मंच के बाहर कलाकारों का क्रमिक अनशन जारी है और इस आंदोलन को लेकर सांस्कृतिक जगत में चर्चा तेज हो गई है।