बात बंद करने से नाराज बॉयफ्रेंड ने गर्लफ्रेंड, मां और भाई पर किया हमला, फिर खुद का गला काटा
राजस्थान के उदयपुर में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने अपनी गर्लफ्रेंड, उसकी मां और भाई पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले के बाद आरोपी ने द को भी घायल कर लिया। घटना में घायल हुए चारों लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। फिलहाल सभी की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।यह घटना शुक्रवार रात करीब 9:30 बजे की बताई जा रही है।
युवती ने नंबर किया था ब्लॉक, गुस्से में पहुंचा घर
थानाधिकारी हुकम सिंह के अनुसार, आरोपी युवक का युवती से प्रेम संबंध था। दोनों के बीच अक्सर फोन पर बातचीत होती थी। किसी बात को लेकर युवती नाराज हो गई और उसने युवक से बात करना बंद कर दिया।युवती ने युवक का मोबाइल नंबर भी ब्लॉक कर दिया। इसी बात से नाराज होकर युवक अचानक युवती के घर पहुंच गया।
घर पहुंचते ही शुरू किया हमला
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने घर पहुंचते ही सबसे पहले युवती की मां पर धारदार हथियार से हमला किया। इसके बाद बीच-बचाव करने आए युवती के भाई के सिर पर वार कर दिया।इसके बाद आरोपी ने युवती पर हमला किया। पुलिस के अनुसार, युवक ने युवती के कान और हाथ पर वार किए। हमले में उसकी अंगुलियां भी कट गईं और चेहरे पर चोट आई।
हमले के बाद खुद को भी किया घायल
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी युवक ने अपने गले पर भी धारदार हथियार से वार कर लिया। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत घायलों को अस्पताल पहुंचाया।पुलिस के मुताबिक, हमले के बाद घर में खून फैल गया था। युवती का भाई सिर में गंभीर चोट लगने से लहूलुहान हो गया था।
अस्पताल में जमा हुए परिजन और समाज के लोग
घटना की जानकारी मिलते ही परिवार के लोग और समाज के बड़ी संख्या में लोग अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है।फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। आरोपी और पीड़ित पक्ष के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। शुरुआती जांच में मामला प्रेम संबंध और नाराजगी से जुड़ा सामने आया है। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।