8 साल के बच्चे की समझदारी से टला बाल विवाह, वीडियो में देंखे बूंदी में चाइल्डलाइन की तत्परता से बचीं दो मासूम जिंदगियां
बूंदी जिले से एक भावुक और प्रेरणादायक मामला सामने आया है, जहां एक 8 साल के मासूम बच्चे की सूझबूझ और हिम्मत ने दो नाबालिग लड़कियों का बाल विवाह रुकवा दिया। इस घटना ने न केवल बाल अधिकारों को लेकर जागरूकता का संदेश दिया है, बल्कि यह भी साबित किया है कि सही समय पर उठाया गया छोटा कदम बड़ा बदलाव ला सकता है।मामले के अनुसार, बच्चे ने फोन पर भावुक होकर कहा—“भैया-दीदी, प्लीज मेरी दोस्त की शादी रुकवा दीजिए। वह अभी बहुत छोटी है। हम साथ खेलते हैं, स्कूल जाते हैं। उसे शादी नहीं करनी, उसे पढ़ना है।” यह कॉल चाइल्डलाइन 1098 पर आया, जो बच्चों की मदद के लिए 24 घंटे उपलब्ध राष्ट्रीय हेल्पलाइन है।
बच्चे की इस अपील को गंभीरता से लेते हुए चाइल्डलाइन टीम ने तुरंत कार्रवाई शुरू की। मिली जानकारी के आधार पर टीम ने स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर संबंधित स्थान पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। जांच में पाया गया कि वहां दो नाबालिग बालिकाओं का विवाह कराया जा रहा था।तत्काल हस्तक्षेप करते हुए चाइल्डलाइन 1098 और पुलिस की संयुक्त टीम ने दोनों बालिकाओं के बाल विवाह को रुकवा दिया। इसके साथ ही परिजनों को बाल विवाह के कानूनी और सामाजिक परिणामों के बारे में समझाइश दी गई।
अधिकारियों के अनुसार, बाल विवाह कानूनन अपराध है और इससे बच्चों के भविष्य पर गंभीर असर पड़ता है। इस घटना में समय रहते की गई कार्रवाई से न केवल दो मासूमों का जीवन प्रभावित होने से बच गया, बल्कि समाज में एक सकारात्मक संदेश भी गया है।विशेषज्ञों का मानना है कि बच्चों में इस तरह की जागरूकता और साहस सराहनीय है। 8 साल के इस बच्चे ने जिस तरह अपनी दोस्त के भविष्य के लिए पहल की, वह दूसरों के लिए भी प्रेरणा बन सकता है।
प्रशासन ने भी बच्चे की इस समझदारी और जिम्मेदारी की भावना की सराहना की है। साथ ही लोगों से अपील की है कि यदि कहीं भी बाल विवाह जैसी गतिविधि की जानकारी मिले, तो तुरंत चाइल्डलाइन 1098 या पुलिस को सूचित करें। यह घटना एक बार फिर यह साबित करती है कि जागरूकता और सही समय पर की गई कार्रवाई से समाज की कुरीतियों को रोका जा सकता है और बच्चों को उनका हक दिलाया जा सकता है।