×

अलवर में बड़ा हादसा: मकान का छज्जा लोहे के गर्डर समेत गिरा, 70 साल की दिव्यांग बुजुर्ग महिला घायल

 

जिले के गोविंदगढ़ थाना क्षेत्र के बड़बरा गांव में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां एक मकान का छज्जा अचानक लोहे के गर्डर समेत भरभराकर नीचे गिर गया। हादसे के समय छज्जे के नीचे बैठी 70 वर्षीय दिव्यांग बुजुर्ग महिला मलबे की चपेट में आ गईं। उनके सिर पर गंभीर चोटें आई हैं।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घर में मौजूद लोगों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और मलबे में दबी बुजुर्ग महिला को बाहर निकाला। परिजनों ने तुरंत उन्हें इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें अलवर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार, बड़बरा गांव में गुरुवार सुबह बुजुर्ग महिला अपने घर के बाहर बने छज्जे के नीचे बैठी हुई थीं। इसी दौरान अचानक छज्जा कमजोर होकर लोहे के गर्डर सहित नीचे आ गिरा। हादसा इतना अचानक हुआ कि महिला को संभलने का मौका तक नहीं मिल पाया और वह मलबे के नीचे दब गईं।

हादसे की सूचना मिलते ही परिवार के अन्य सदस्य और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद मलबा हटाकर महिला को बाहर निकाला। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया।

परिजनों के अनुसार, बुजुर्ग महिला दिव्यांग हैं और काफी समय से इसी मकान में रह रही थीं। हादसे के बाद परिवार में चिंता का माहौल है। डॉक्टरों द्वारा महिला का इलाज किया जा रहा है और उनकी हालत पर नजर रखी जा रही है।

ग्रामीणों ने बताया कि पुराने मकानों में बने छज्जे और अन्य निर्माण कमजोर होने के कारण इस तरह के हादसों का खतरा बना रहता है। उन्होंने प्रशासन से पुराने और जर्जर मकानों की जांच करवाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

फिलहाल पुलिस ने घटना की जानकारी जुटाई है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है कि छज्जा अचानक किस वजह से गिरा। वहीं, परिवार और ग्रामीण बुजुर्ग महिला के जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।