अजमेर निकाय चुनाव: प्रचार का आज आखिरी दिन, BJP-कांग्रेस ने झोंकी ताकत; वीडियो में जाने 11 सितंबर को 80 वार्डों में मतदान
अजमेर नगर निगम के 80 वार्डों में दूसरे चरण के चुनाव को लेकर प्रचार अभियान बुधवार शाम खत्म हो जाएगा। चुनाव प्रचार के आखिरी दिन भाजपा और कांग्रेस ने पूरी ताकत झोंक दी है। बुधवार शाम 5 बजे चुनाव प्रचार का शोर थम जाएगा। 11 सितंबर को होने वाले मतदान से पहले दोनों प्रमुख राजनीतिक दलों के स्थानीय नेताओं से लेकर वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता वार्ड-वार्ड पहुंचकर अपने प्रत्याशियों के समर्थन में वोट मांग रहे हैं।
आखिरी दिन प्रत्याशियों के समर्थन में उतरे नेता
प्रचार के अंतिम दौर में प्रत्याशियों के साथ पार्टी नेताओं की सक्रियता भी बढ़ गई है। भाजपा और कांग्रेस दोनों ही दल मतदाताओं तक पहुंचने के लिए जनसंपर्क, नुक्कड़ सभाएं और बैठकें कर रहे हैं।भाजपा जहां अपने संगठन और सरकार के कामों को लेकर जनता के बीच जा रही है, वहीं कांग्रेस स्थानीय मुद्दों और जनसमस्याओं को चुनावी मुद्दा बना रही है।
विधायक अनीता भदेल ने किया डांस
चुनावी प्रचार के दौरान अजमेर दक्षिण से भाजपा विधायक अनीता भदेल का अलग अंदाज देखने को मिला। वह वार्ड नंबर 20 में भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में प्रचार करने पहुंची थीं।इस दौरान विधायक अनीता भदेल बुजुर्ग महिला वोटर के साथ डांस करती नजर आईं। उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।
वार्ड 42 में गोरिल्ला बनाकर प्रचार
अजमेर के वार्ड नंबर 42 में आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी ने प्रचार का अनोखा तरीका अपनाया। प्रत्याशी एक कलाकार को गोरिल्ला के रूप में तैयार कराकर चुनाव प्रचार के लिए पहुंचे।इस अनोखे प्रचार को देखने के लिए लोगों की भीड़ जुट गई। पार्टी कार्यकर्ताओं ने इसे मतदाताओं तक पहुंचने का अलग तरीका बताया।
प्रशासन ने तेज की चुनावी तैयारियां
दूसरे चरण के मतदान को लेकर प्रशासन ने भी तैयारियां तेज कर दी हैं। चुनाव प्रक्रिया को व्यवस्थित तरीके से पूरा कराने के लिए मतदान दलों की तैयारियां अंतिम चरण में हैं।जानकारी के अनुसार, मतदान दलों का तृतीय रेंडमाइजेशन 9 सितंबर को किया जाएगा। इसके बाद 10 सितंबर को अंतिम प्रशिक्षण और निर्वाचन सामग्री का वितरण किया जाएगा।
14 सितंबर को होगी मतगणना
अजमेर नगर निगम चुनाव के दोनों चरणों की मतगणना 14 सितंबर को संबंधित रिटर्निंग अधिकारियों की निगरानी में होगी।प्रशासन ने शांतिपूर्ण मतदान के लिए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा।अब प्रचार खत्म होने के बाद प्रत्याशी और राजनीतिक दल घर-घर संपर्क कर मतदाताओं को अपने पक्ष में करने की कोशिश करेंगे। 11 सितंबर को होने वाला मतदान तय करेगा कि अजमेर नगर निगम की सत्ता की कमान किस दल के हाथ में जाती है।