गोविंददेवजी मंदिर में AI की नजर, QR कोड से मिलेगी पार्किंग, फुटेज में जाने जन्माष्टमी पर हाईटेक सुरक्षा, एंट्री-एग्जिट के रास्ते भी अलग
जयपुर में जन्माष्टमी पर गोविंददेवजी मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा और क्राउड मैनेजमेंट के लिए हाईटेक इंतजाम किए हैं। मंदिर परिसर और आसपास AI CCTV कैमरों से निगरानी की जाएगी। संदिग्ध गतिविधि या व्यक्ति नजर आते ही AI कैमरे अलर्ट जारी करेंगे। वहीं श्रद्धालुओं को QR कोड के जरिए लाइव पार्किंग की जानकारी भी मिल सकेगी।
AI कैमरों से संदिग्धों पर नजर
जन्माष्टमी के दौरान मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए मंदिर और आसपास के क्षेत्र में AI CCTV कैमरे लगाए जा रहे हैं।इन कैमरों की लगातार मॉनिटरिंग के लिए एक अस्थायी कंट्रोल रूम बनाया जाएगा। AI आधारित सिस्टम किसी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि को डिटेक्ट करने पर तुरंत अलर्ट देगा। इससे पुलिस को भीड़ के बीच संदिग्ध गतिविधियों पर तेजी से कार्रवाई करने में मदद मिलेगी।
एंट्री और एग्जिट के रास्ते अलग
भीड़ को नियंत्रित करने के लिए इस बार श्रद्धालुओं की एंट्री और एग्जिट के लिए अलग-अलग रास्ते तय किए गए हैं। इससे मंदिर में आने-जाने वाली भीड़ आमने-सामने नहीं होगी और भगदड़ जैसी स्थिति से बचने में मदद मिलेगी।मंदिर परिसर के आसपास भी पुलिस और सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ाई जाएगी।
QR कोड स्कैन करते ही मिलेगी पार्किंग की जानकारी
श्रद्धालुओं के लिए पार्किंग व्यवस्था को भी आसान बनाया गया है। QR कोड के जरिए लाइव पार्किंग की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। इससे लोग पहले से यह पता कर सकेंगे कि कहां पार्किंग की जगह उपलब्ध है और उसी के अनुसार अपना वाहन पार्क कर सकेंगे।
4 को जन्माष्टमी, 5 सितंबर को शोभायात्रा
जयपुर उत्तर के डीसीपी करन शर्मा के अनुसार, जन्माष्टमी का पर्व 4 सितंबर को मनाया जाएगा। इसके अगले दिन 5 सितंबर को गोविंददेवजी की शोभायात्रा निकाली जाएगी। दोनों दिन मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जयपुर उत्तर जिले के पुलिस बल के अलावा जयपुर कमिश्नरेट और पुलिस मुख्यालय से अतिरिक्त जाब्ता भी तैनात किया गया है।पुलिस का फोकस श्रद्धालुओं की सुरक्षित आवाजाही, भीड़ नियंत्रण, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर और ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने पर रहेगा।