कोटा में ADC की 22 लाख की क्रेटा कार चोरी, फुटेज में देंखे बदमाशों ने 5 मिनट में तोड़ा शीशा और गाड़ी लेकर फरार
कोटा शहर में शातिर चोरों ने चिकित्सा विभाग के असिस्टेंट ड्रग कंट्रोलर (ADC) की करीब 22 लाख रुपए कीमत की नई क्रेटा कार चोरी कर ली। बदमाशों ने घर के बाहर खड़ी कार का साइड ग्लास तोड़ा और तकनीक की मदद से गाड़ी स्टार्ट कर महज 5 मिनट में फरार हो गए। पूरी वारदात घर के बाहर लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई। घटना विज्ञान नगर थाना क्षेत्र के राजीव गांधी नगर स्पेशल इलाके की है।कार मालिक उमेश माखीजा चिकित्सा विभाग में असिस्टेंट ड्रग कंट्रोलर के पद पर कार्यरत हैं। वर्तमान में उनकी पोस्टिंग झालावाड़ में है। उन्होंने पिछले साल ही हुंडई क्रेटा का टॉप ऑटोमैटिक मॉडल खरीदा था। इसकी कीमत करीब 22 लाख रुपए बताई जा रही है।
रात 11:30 बजे घर के बाहर खड़ी की थी कार
उमेश माखीजा ने बताया कि उन्होंने गुरुवार रात 26 नवंबर को करीब 11:30 बजे अपनी क्रेटा कार घर के बाहर खड़ी की थी। इसके बाद शुक्रवार सुबह 27 नवंबर को करीब 8 बजे जब वे घर से बाहर निकले तो कार गायब मिली। घर के बाहर कार नहीं देखकर परिवार के लोग भी हैरान रह गए।इसके बाद परिजनों ने तुरंत घर के बाहर लगे CCTV कैमरों की फुटेज चेक की। फुटेज देखने पर पता चला कि बदमाश सुबह करीब 5 बजे वारदात को अंजाम देने पहुंचे थे।
दूसरी कार में आए बदमाश, साइड का शीशा तोड़कर ले गए क्रेटा
CCTV फुटेज के अनुसार, कुछ बदमाश एक दूसरी कार में सवार होकर इलाके में पहुंचे थे। उन्होंने सबसे पहले घर के बाहर खड़ी क्रेटा कार का साइड ग्लास तोड़ा। इसके बाद तकनीक की मदद से कार को स्टार्ट किया और उसे लेकर फरार हो गए।बदमाशों ने पूरी वारदात को बेहद कम समय में अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि शीशा तोड़ने से लेकर कार लेकर निकलने तक उन्हें करीब 5 मिनट लगे। घटना के बाद बदमाश किस दिशा में गए, इसका पता लगाने के लिए पुलिस CCTV फुटेज खंगाल रही है।
CCTV के आधार पर चोरों की तलाश में जुटी पुलिस
कार चोरी की सूचना मिलने पर विज्ञान नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया है। अब CCTV फुटेज के आधार पर संदिग्ध कार और बदमाशों के आने-जाने के रास्ते को ट्रैक करने का प्रयास किया जा रहा है।इस वारदात के बाद राजीव गांधी नगर स्पेशल इलाके के लोगों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि घरों के बाहर खड़े वाहनों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।