×

जल जीवन मिशन घोटाले में ACB की बड़ी कार्रवाई, रिटायर्ड IAS समेत 9 हिरासत में

 

राजस्थान भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने मंगलवार (17 फरवरी) को बहुचर्चित जल जीवन मिशन मामले में कथित 900 करोड़ रुपये के घोटाले को लेकर ताबड़तोड़ कार्रवाई की। राजस्थान भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की टीम ने रिटायर्ड आईएएस सुबोध अग्रवाल सहित 4 राज्यों के 15 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की।

इस कार्रवाई में अब तक 9 लोगों को हिरासत में लिया गया है। एसीबी की इस बड़ी कार्रवाई से प्रदेश भर में हड़कंप मच गया है। सूत्रों के अनुसार, जल जीवन मिशन से जुड़े टेंडर, भुगतान और ठेके की प्रक्रियाओं में अनियमितताओं की जांच के बाद यह कार्रवाई की गई है।

इसी बीच एसीबी की एक टीम ने सिरोही जिले में भी कार्रवाई करते हुए पंचायत समिति में कार्यरत एक जूनियर टेक्निकल असिस्टेंट को 80 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ ट्रैप किया। बताया जा रहा है कि आरोपी अधिकारी कार्य से संबंधित भुगतान और फाइल आगे बढ़ाने के एवज में रिश्वत मांग रहा था।

ACB अधिकारियों के अनुसार, दोनों मामलों में दस्तावेजों की जांच, डिजिटल साक्ष्य और लेन-देन की पड़ताल की जा रही है। जांच के दायरे में अन्य अधिकारी और ठेकेदार भी आ सकते हैं।

प्रदेश में भ्रष्टाचार के खिलाफ यह बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है और आने वाले दिनों में और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।