×

राजस्थान यूथ कांग्रेस अध्यक्ष पद की दौड़ में सीधा मुकाबला, अभिषेक चौधरी और अनिल चोपड़ा आमने-सामने

 

राजस्थान में युवा राजनीति की सबसे अहम लड़ाई मानी जा रही राजस्थान यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष पद की दौड़ अब निर्णायक मोड़ पर पहुंच गई है। नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद कुल 22 उम्मीदवारों में से मुकाबला अब सीधे दो प्रमुख चेहरों के बीच सिमट गया है।

अब मुख्य मुकाबला अभिषेक चौधरी और अनिल चोपड़ा के बीच माना जा रहा है। वहीं, एक और प्रमुख दावेदार मुकुल खींचड़ ने नामांकन दाखिल नहीं किया, जिससे चुनावी समीकरण और अधिक स्पष्ट हो गए हैं।

दोनों उम्मीदवारों का राजनीतिक अनुभव और संगठन में सक्रिय भूमिका इस चुनाव को और रोचक बना रही है। अनिल चोपड़ा वर्ष 2024 में जयपुर ग्रामीण लोकसभा सीट से बेहद करीबी मुकाबले में मात्र 1615 वोटों से हार चुके हैं, जो उनकी मजबूत राजनीतिक पकड़ को दर्शाता है।

वहीं अभिषेक चौधरी ने 2023 के विधानसभा चुनाव में झोटवाड़ा सीट से भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ के खिलाफ मजबूती से चुनाव लड़ा था और 96,055 वोट हासिल किए थे।

यूथ कांग्रेस के इस चुनाव को संगठन के भविष्य नेतृत्व के चयन के रूप में देखा जा रहा है। पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच दोनों ही उम्मीदवारों की मजबूत पकड़ बताई जा रही है, जिससे मुकाबला काफी दिलचस्प बन गया है।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह चुनाव सिर्फ पद की लड़ाई नहीं, बल्कि राजस्थान में कांग्रेस के युवा नेतृत्व की दिशा तय करने वाला मुकाबला भी साबित हो सकता है।

फिलहाल संगठन के भीतर दोनों खेमों ने अपने-अपने स्तर पर समर्थन जुटाने की कवायद तेज कर दी है और चुनावी माहौल पूरी तरह गर्म हो चुका है।