मैट्रिमोनी ऐप पर खुद को इनकम टैक्स अफसर बताकर युवती को फंसाया, शादी का झांसा देकर 80 लाख रुपए ऐंठने का आरोप
राजस्थान की राजधानी जयपुर में मैट्रिमोनी ऐप के जरिए शादी का झांसा देकर दिल्ली की एक युवती से कथित यौन शोषण और 80 लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवक ने खुद को आयकर विभाग का अधिकारी बताकर युवती से संपर्क किया और उसे शादी का भरोसा दिलाकर अपने जाल में फंसा लिया। इसके बाद उसे दिल्ली से जयपुर लाकर अलग-अलग होटलों में उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। आरोपी पर विभिन्न बहाने बनाकर युवती से करीब 80 लाख रुपए ऐंठने का भी आरोप है।विधायकपुरी थाना पुलिस ने मामले में फरार चल रहे आरोपी को उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। पुलिस अब मामले में आर्थिक लेन-देन और आरोपी की ओर से इस्तेमाल की गई कथित फर्जी प्रोफाइल सहित अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
मैट्रिमोनी ऐप पर हुई थी पहचान
डीसीपी साउथ राजर्षिराज के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान 27 वर्षीय सरस्वती सागर के रूप में हुई है। वह मेरठ के भावनपुर क्षेत्र में गंगानगर का रहने वाला बताया गया है।पुलिस के मुताबिक, पीड़िता दिल्ली के पालम विलेज की रहने वाली है। युवती की शिकायत के आधार पर 3 सितंबर को विधायकपुरी थाने में जीरो नंबर एफआईआर दर्ज होकर पहुंची थी। शिकायत में युवती ने आरोप लगाया कि आरोपी ने मैट्रिमोनी ऐप पर खुद को आयकर विभाग में अधिकारी बताया और शादी का भरोसा देकर उससे नजदीकियां बढ़ाईं।
दिल्ली से जयपुर लाकर होटलों में शोषण का आरोप
शिकायत के अनुसार, आरोपी युवती को दिल्ली से जयपुर लेकर आया। यहां अलग-अलग होटलों में उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। युवती का आरोप है कि आरोपी लगातार शादी करने का भरोसा देता रहा, जिसके कारण वह उसकी बातों में आती रही।इसी दौरान आरोपी ने युवती से पैसों की मांग शुरू कर दी। कभी दिल्ली में फ्लैट खरीदने, कभी रिश्वत देने और कभी नौकरी में परेशानी आने का हवाला देकर उससे रकम ली गई। पीड़िता के मुताबिक, इन बहानों के जरिए आरोपी ने उससे करीब 80 लाख रुपए ऐंठ लिए।
दूसरी युवती से संबंधों का पता चलने पर विवाद
पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक, पैसे लेने और कथित शोषण के दौरान युवती को आरोपी के किसी दूसरी लड़की के साथ प्रेम संबंध होने की जानकारी मिली। इस बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि इसके बाद युवक ने अपने मोबाइल नंबर बंद कर दिए और युवती से संपर्क तोड़ लिया।बाद में जानकारी जुटाने पर पीड़िता को पता चला कि मैट्रिमोनी ऐप पर आरोपी की प्रोफाइल कथित तौर पर फर्जी थी। इसके बाद उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
तीन दिन के रिमांड पर आरोपी
मामले में कार्रवाई करते हुए विधायकपुरी थाना पुलिस ने आरोपी को उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया। गुरुवार दोपहर अदालत में पेश करने के बाद उसे तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि युवती से कथित तौर पर ली गई रकम का इस्तेमाल कहां किया गया और क्या आरोपी ने इसी तरह किसी अन्य व्यक्ति को भी निशाना बनाया है।फिलहाल मामले में लगाए गए आरोपों की जांच जारी है। आरोपी के खिलाफ आगे की कार्रवाई पुलिस जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी।