जयपुर में ग्राहक बनकर आया चोर, फुटेज में देंखे शोरूम से सोने की 2 चेन लेकर फरार
जयपुर के माणकचौक थाना इलाके में एक ज्वेलरी शोरूम से सोने की दो चेन चोरी होने का मामला सामने आया है। आरोपी ग्राहक बनकर शोरूम में पहुंचा और मौका मिलते ही चेन लेकर फरार हो गया। घटना हल्दियों का रास्ता स्थित शारदा चेन शोरूम की है। पुलिस ने शोरूम मालिक की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर ली है। आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।वारदात 12 नवंबर को शाम करीब 5 बजे हुई थी। आरोपी सामान्य ग्राहक की तरह शोरूम में आया था। उसने वहां मौजूद कर्मचारियों को अपनी बातों में उलझाया और मौका देखकर सोने की दो चेन लेकर निकल गया। घटना के बाद शोरूम में जांच की गई तो चेन गायब मिलीं।
11 दिन बाद दर्ज कराई शिकायत
मामले में शोरूम मालिक दीपक महरवाल ने 23 नवंबर को माणकचौक थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। दीपक महरवाल गोपालपुरा बाईपास स्थित देव चिरंजीव कॉलोनी के निवासी हैं।शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी वारदात के बाद किस रास्ते से फरार हुआ और चोरी की गई चेन कहां ले गया।
CCTV में कैद हुई वारदात
माणकचौक थाना प्रभारी राकेश ख्यालिया के अनुसार, पीड़ित ने पुलिस को वारदात से जुड़ा सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध करवाया है। फुटेज में आरोपी की गतिविधियों की जांच की जा रही है। उसकी पहचान सुनिश्चित करने के लिए शोरूम के आसपास लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग भी खंगाली जा रही है।पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी अकेला था या उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था। साथ ही वारदात से पहले और बाद में उसकी आवाजाही के रास्तों की जानकारी जुटाई जा रही है।
आरोपी की तलाश में टीम गठित
थाना प्रभारी ने बताया कि शोरूम मालिक की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस टीम गठित की गई है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उसकी तलाश की जा रही है।पुलिस का कहना है कि आरोपी की पहचान कर जल्द उसे गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं, चोरी हुई दोनों सोने की चेन की बरामदगी भी जांच का अहम हिस्सा है। जयपुर के व्यस्त बाजार में ग्राहक बनकर ज्वेलरी शोरूम में चोरी की इस घटना के बाद व्यापारियों के बीच भी सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ सकती है।