महाकाल मंदिर में पूजा करने पहुंचा 25 हजार का इनामी तस्कर गिरफ्तार, वीडियो में जाने श्रद्धालु बनकर पहुंची टीम ने दबोचा
राजस्थान पुलिस की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 25 हजार रुपए के इनामी मादक पदार्थ तस्कर को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी। पुलिस को सूचना मिली थी कि वह मध्य प्रदेश के उज्जैन में कालसर्प दोष की पूजा कराने पहुंचा है।
श्रद्धालु बनकर पहुंची पुलिस टीम
सूचना मिलने के बाद एएनटीएफ की विशेष टीम उज्जैन पहुंची और सादे कपड़ों में श्रद्धालुओं के रूप में महाकाल मंदिर तथा आसपास के मंदिरों में निगरानी शुरू कर दी। पुलिसकर्मी कई घंटों तक मंदिर परिसर और धार्मिक स्थलों पर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर बनाए रहे।
पूजा-अर्चना के दौरान हुई पहचान
जांच के दौरान टीम ने महाकाल मंदिर के निकट स्थित एक छोटे मंदिर में हवन और पूजा-अर्चना कर रहे एक व्यक्ति को चिन्हित किया। पुलिस ने उसकी गतिविधियों और हुलिए का मिलान करने के बाद पुष्टि की कि वही वांछित इनामी तस्कर है।इसके बाद एएनटीएफ टीम ने सुनियोजित तरीके से मंदिर परिसर के आसपास घेराबंदी की और आरोपी को बिना किसी हंगामे के गिरफ्तार कर लिया।
ऑपरेशन ‘मदमनीरा’ के तहत कार्रवाई
पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह कार्रवाई ऑपरेशन मदमनीरा के तहत की गई है। राजस्थान पुलिस राज्य में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है और फरार आरोपियों की तलाश में विशेष अभियान संचालित किए जा रहे हैं।
कई मामलों में था वांछित
गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े कई मामले दर्ज बताए जा रहे हैं। लंबे समय से फरार रहने के कारण उस पर 25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर उसके नेटवर्क, सहयोगियों और तस्करी के रूट के बारे में जानकारी जुटा रही है।
नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों पर भी नजर
एएनटीएफ अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी से नशा तस्करी के बड़े नेटवर्क से जुड़े कई अहम सुराग मिल सकते हैं। पूछताछ के आधार पर अन्य संदिग्धों और तस्करी गिरोह के सदस्यों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।राजस्थान पुलिस की इस कार्रवाई को मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि प्रदेश में नशे के कारोबार पर सख्ती से अंकुश लगाने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।