दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर मौत बनकर दौड़ी हेक्टर कार, स्टेपनी बदल रहे एनएचएआई कर्मचारी समेत तीन की मौत; चालक फरार
राजस्थान के अलवर जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर बुधवार देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया। बड़ौदामेव क्षेत्र में गुर्जर खोर्रा की पुलिया के पास एक पंचर कैब की स्टेपनी बदल रहे तीन लोगों को तेज रफ्तार एमजी हेक्टर कार ने टक्कर मार दी। हादसे में एक महिला, कैब चालक और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के कर्मचारी की मौत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
रात करीब डेढ़ बजे हुआ हादसा
पुलिस के अनुसार, हादसा गुरुवार तड़के करीब 1:30 बजे लक्ष्मणगढ़ थाना क्षेत्र में गुर्जर खोर्रा की पुलिया के पास चैनल नंबर 112/600 पर हुआ। दिल्ली निवासी 26 वर्षीय मनीषा गुप्ता बुधवार रात करीब 11 बजे एक अन्य महिला के साथ कैब से जयपुर के लिए रवाना हुई थीं। रास्ते में उनकी कैब का टायर पंचर हो गया।
इसके बाद चालक आजाद ने एक्सप्रेस-वे पर गाड़ी रोककर स्टेपनी बदलनी शुरू की। उसने सहायता के लिए एनएचएआई की हेल्पलाइन पर भी संपर्क किया था। सूचना मिलने के बाद एनएचएआई की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंच गई।
पहले महिला और एनएचएआई कर्मचारी को मारी टक्कर
जब कैब चालक आजाद स्टेपनी बदल रहा था, उसी दौरान एनएचएआई कर्मचारी जगमोहन अपनी कैंपर गाड़ी के पास खड़े होकर घटना से जुड़ी जानकारी दर्ज कर रहे थे। वह मनीषा से बातचीत कर स्थिति का जायजा ले रहे थे।
इसी बीच दिल्ली की तरफ से जयपुर जा रही तेज रफ्तार एमजी हेक्टर कार ने वहां मौजूद लोगों को टक्कर मार दी। पुलिस के मुताबिक, कार ने पहले मनीषा गुप्ता और जगमोहन को टक्कर मारी। इसके बाद टायर बदल रहे चालक आजाद को भी कुचल दिया। टक्कर के बाद कार कुछ दूरी पर जाकर पलट गई।
तीनों मृतकों की हुई पहचान
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान इस प्रकार हुई है:
-
मनीषा गुप्ता (26), निवासी त्रिलोकपुरी, दिल्ली। वह जयपुर की एक कंपनी में कार्यक्रम प्रबंधन का काम करती थीं।
-
आजाद (30), निवासी अजमेर, कैब चालक।
-
जगमोहन (25), निवासी शीतल गांव, अलवर। वह एनएचएआई की पेट्रोलिंग टीम में कर्मचारी थे।
घटना की सूचना मिलते ही एनएचएआई की एंबुलेंस मौके पर पहुंची। तीनों को बड़ौदामेव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने परिजनों को सूचना देकर शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाए।
कार छोड़कर फरार हुआ चालक, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
हादसे के बाद हेक्टर कार सड़क पर पलट गई। बताया जा रहा है कि कार चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस अब एक्सप्रेस-वे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि वाहन चालक की पहचान की जा सके। आसपास मौजूद लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।
मृतकों के परिजनों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि कार कितनी तेज रफ्तार में थी और हादसे के बाद चालक मौके से कैसे फरार हुआ।
एक पंचर ने छीन ली तीन जिंदगियां
एक तरफ कैब में सवार लोग जयपुर पहुंचने की तैयारी कर रहे थे, वहीं दूसरी तरफ एनएचएआई कर्मचारी सड़क पर उनकी मदद के लिए पहुंचे थे। लेकिन कुछ ही पलों में तेज रफ्तार कार ने तीनों की जिंदगी खत्म कर दी। इस हादसे ने एक बार फिर एक्सप्रेस-वे पर वाहन खराब होने की स्थिति में सड़क किनारे सुरक्षा इंतजामों और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।