हनुमानगढ़ में स्कोडा कार से 77 किलो डोडा-पोस्त जब्त, वीडियो में जाने कीमत 12 लाख रुपए; ड्राइवर फरार
राजस्थान के हनुमानगढ़ में पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए स्कोडा कार से 77 किलो 140 ग्राम डोडा-पोस्त छिलका जब्त किया है। पुलिस को देखकर कार चालक मौके से फरार हो गया। जब्त मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 12 लाख रुपए बताई गई है। पुलिस ने कार और डोडा-पोस्त को जब्त कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। फरार चालक की तलाश की जा रही है।यह कार्रवाई नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान 'ऑपरेशन चक्रव्यूह' के तहत की गई। जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य ने बताया कि अभियान के तहत पुलिस अधिकारियों को अपने-अपने थाना क्षेत्रों में नशे के कारोबार के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
घग्घर नदी की पुलिया के पास मिली संदिग्ध कार
पुलिस के अनुसार, जिला विशेष टीम के एसआई मदन सिंह से हनुमानगढ़ टाउन पुलिस को स्कोडा कार में डोडा-पोस्त होने की सूचना मिली थी। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद और सीओ सिटी मीनाक्षी की निगरानी में एसआई रामकेर पुलिस टीम के साथ कार्रवाई के लिए रवाना हुए।पुलिस टीम हनुमानगढ़-सतीपुरा बाइपास रोड पर घग्घर नदी की पुलिया के पास पहुंची। यहां एक संदिग्ध स्कोडा रैपिड कार दिखाई दी। पुलिस ने कार की तलाशी ली तो उसमें मादक पदार्थ छिपाकर रखा हुआ मिला।
पांच प्लास्टिक कट्टों में भरा था डोडा-पोस्त
तलाशी के दौरान कार में रखे पांच प्लास्टिक कट्टों से कुल 77 किलो 140 ग्राम डोडा-पोस्त छिलका बरामद हुआ। पुलिस के मुताबिक, जब्त डोडा-पोस्त की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 12 लाख रुपए है।कार चालक पुलिस की कार्रवाई के दौरान मौके से फरार हो गया। पुलिस ने स्कोडा रैपिड कार और उसमें मिले डोडा-पोस्त को जब्त कर लिया है। इसके बाद फरार चालक की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास शुरू किए गए।
NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज, जांच गोलूवाला पुलिस को
हनुमानगढ़ टाउन पुलिस ने मामले में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 और 25 के तहत केस दर्ज किया है। मामले की आगे की जांच गोलूवाला थानाधिकारी जितेंद्र कुमार को सौंपी गई है।पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि डोडा-पोस्त कहां से लाया गया था और इसे कहां पहुंचाया जाना था। साथ ही फरार कार चालक और नशा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि 'ऑपरेशन चक्रव्यूह' के तहत नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।