×

लीलण एक्सप्रेस की चपेट में आए 5 ऊंट, दर्दनाक मौत से इलाके में सनसनी

 

लाठी गांव के पास रेलवे ट्रैक पर शनिवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। जानकारी के अनुसार लीलण एक्सप्रेस की चपेट में आने से राजस्थान के राज्य पशु ऊंटों की मौत हो गई। हादसे में कुल पांच ऊंटों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जिससे आसपास के क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

बताया जा रहा है कि देर रात ऊंटों का झुंड रेलवे ट्रैक के आसपास घूम रहा था। इसी दौरान तेज गति से आ रही लीलण एक्सप्रेस वहां से गुजरी और पांच ऊंट उसकी चपेट में आ गए। ट्रेन की टक्कर इतनी तेज थी कि सभी ऊंटों की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। रेलवे ट्रैक पर ऊंटों के शव पड़े होने से कुछ समय के लिए वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बाद में रेलवे कर्मचारियों और स्थानीय लोगों की मदद से शवों को ट्रैक से हटाया गया, जिससे रेल यातायात सुचारु किया जा सका।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस क्षेत्र में अक्सर पशु रेलवे ट्रैक के पास आ जाते हैं, जिससे इस तरह के हादसों की आशंका बनी रहती है। उन्होंने रेलवे प्रशासन से मांग की है कि ऐसे क्षेत्रों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

गौरतलब है कि ऊंट को ऊंट राजस्थान का राज्य पशु माना जाता है। ऐसे में एक साथ पांच ऊंटों की मौत से लोगों में दुख और चिंता का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले की जांच कराने और पशुपालकों को उचित मुआवजा देने की मांग भी की है।

फिलहाल रेलवे और स्थानीय प्रशासन घटना की जानकारी जुटाने में लगा हुआ है। वहीं, ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते सुरक्षा उपाय किए जाएं तो भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सकता है।