पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर की पति की हत्या, वीडियो में जाने खुद पुलिस को दी शिकायत; 24 घंटे में खुला राज
पंजाब के मानसा जिले में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला ने कथित तौर पर अपने प्रेमी और एक अन्य साथी के साथ मिलकर पति की गला घोंटकर हत्या कर दी। वारदात के बाद खुद ही पुलिस को शिकायत देकर दावा किया कि उसके पति की हत्या कुछ अज्ञात लोगों ने कर दी है। हालांकि, पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर मामले का खुलासा कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, मृतक का शव उसके घर के आंगन में चारपाई पर पड़ा मिला था। प्रारंभिक शिकायत में महिला ने हत्या के पीछे अज्ञात लोगों का हाथ बताया था, लेकिन जांच के दौरान पुलिस को उसके बयान पर संदेह हुआ।
भाई के बयान से खुली हत्या की परतें
जांच के दौरान मृतक के भाई ने पुलिस को बताया कि घर में अक्सर विवाद होता था और उसके भाई की पत्नी का किसी अन्य व्यक्ति के साथ कथित प्रेम संबंध था। इसके बाद पुलिस ने इस एंगल से जांच शुरू की।जांच में सामने आया कि महिला का कथित तौर पर अपने पति के मामा के बेटे के साथ प्रेम संबंध था। पुलिस का आरोप है कि दोनों ने एक अन्य व्यक्ति के साथ मिलकर पति की गला घोंटकर हत्या कर दी और मामले को अज्ञात हमलावरों की वारदात बताने की कोशिश की।
पत्नी, प्रेमी समेत तीन आरोपी गिरफ्तार
एसएसपी भगीरत मीना ने बताया कि मामले में महिला, उसके कथित प्रेमी और एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अब तीनों आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है, ताकि हत्या की साजिश और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की गहन पूछताछ की जा सके।पुलिस का कहना है कि मामले की आगे की जांच जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।